Fake Paneer in Delhi-NCR: नोएडा में पनीर की जगह पर बिक रहा सफेद जहर, चूना और केमिकल से हो रहा तैयार
Fake Paneer in Delhi-NCR: नोएडा पुलिस ने नकली पनीर बनाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरप्तार किया गया है। वहीं नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री को सील कर दिया है।
दिल्ली-एनसीआर में नकली पनीर।
Fake Paneer in Delhi-NCR: लोगों को पनीर खाना पसंद होता है। बहुत से लोग सेहतमंद रहने के लिए भी पनीर का सेवन करते हैं। हालांकि नोएडा में बिकने वाला पनीर सेहतमंद हो ऐसा जरूरी नहीं। नोएडा पुलिस ने पेंटिंग रंग, चूना, केमिकल और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले एग्री उत्पाद मिलाकर पनीर तैयार करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री से 14 किलोग्राम पनीर जब्त किया है। साथ ही कच्चा माल और नकली पनीर बनाने वाली मशीन भी जब्त की गई। इसके अलावा पुलिस ने अलीगढ़ स्थित नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री को भी सील कर दिया। रविवार को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नोएडा पुलिस ने दी जानकारी
सेंट्रल नोएडा जोन के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को पुलिस की टीम को जानकारी मिली कि कुछ लोग नकली पनीर बनाकर दिल्ली-एनसीआर में बेचते हैं। इस गिरोह के लोग सेक्टर-63 क्षेत्र में महिंद्रा पिकअप लेकर आने वाले हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ के सहजपुरा गांव निवासी गुलफाम, नावेद और इकलाख को गिरफ्तार किया। इकलाख महिंद्रा पिकअप चला रहा था, जिसमें रखे नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम में करीब 1400 किलोग्राम पनीर था।
कौन चलाता था नकली पनीर बनाने की फैक्ट्री
आरोपियों से पूछताछ की गई, तो पता चला कि ये लोग अलीगढ़ के सहजपुरा में स्थित फैक्ट्री से पनीर लाए हैं। इस नकली पनीर की सप्लाई दिल्ली-एनसीआर के स्थानीय बाजारों में की जानी थी। इसके बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से पनीर का नमूना लिया और जांच के लिए भिजवा दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके गांव में गुड्डू उर्फ रहीश और उसका भाई अफसर नकली पनीर की फैक्ट्री चलाते हैं।
मुख्यारोपी अफसर फरार
सूचना के आधार पर पुलिस ने गुड्डू को गिरफ्तार किया। गुड्डू की निशानदेही पर अलीगढ़ के सहजपुरा की पनीर बनाने वाली कंपनी पहुंचकर नकली पनीर बनाने वाली मशीन जब्त की गई। साथ ही 25-25 किलो के 5 पांच बोरे प्रीमियम क्वालिटी का वजनीर एग्री प्रोडक्ट सार्टेक्ट क्लीन, चार किलो केमिकल, दो रिफाइंड के टीन, दो शीशी पेंटिंग रंग और एक मिक्सर ग्राइंडर बरामद किया। हालांकि अब तक मुख्यारोपी अफसर पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
कैसे तैयार करते थे पनीर
आरोपी गुड्डू ने पूछताछ में बताया कि वे खरीदार द्वारा तय किए गए मूल्य के आधार पर मिलावट किया करते थे। वे पनीर बनाने के लिए सबसे पहले सॉर्टेक्स क्लीन को पानी में भिगोते थे। इसके बाद आठ क्विंटल पानी या सपरेटा लिक्विड में 25-25 किलो की दो बोरी सार्टेक्ट क्लीन मिलाते थे। पनीर को सफेद बनाने के लिए पेंटिंग रंग मिलाते थे। इसके बाद नीले डिब्बे वाला केमिकल मिलाकर मिश्रण को फाड़ा जाता, ताकि वो पनीर का रूप ले सके। इसके बाद इस मिश्रण को कपड़े में बांधकर ठंडे पानी में डालते थे। इसके बाद इस कपड़े को दबाकर पानी निचोड़ देते थे। इसके बाद पनीर को क्रीमी बनाने के लिए रिफाइंड ऑयल डालते थे।