Delhi: राष्ट्रविरोधी, निंदनीय, अपमानजनक... दिल्ली पुलिस पर भड़कीं ममता बनर्जी, क्या है मामला?

Mamta Banerjee Angry On Delhi Police: दिल्ली पुलिस के एक लेटर को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इसे लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने दिल्ली पुलिस पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। जानें पूरा मामला...

Updated On 2025-08-04 12:39:00 IST

दिल्ली पुलिस पर भड़कीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी।

Mamta Banerjee Angry On Delhi Police: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली पुलिस के एक लेटर को लेकर भड़क गई हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा 3 अगस्त को लिखे लेटर में बांग्ला को बांग्लादेशी भाषा लिखे जाने पर विवाद शुरू हो गया है। सीएम ममता बनर्जी का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने बांग्ला भाषा को बांग्लादेशी भाषा कहकर संबोधित किया है, जो राज्य और भाषा का अपमान है।तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अन्य नेताओं ने भी इसका विरोध शुरू कर दिया है। ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है।

सीएम ममता बनर्जी ने इस पत्र को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि यह संविधान विरोधी भाषा (दिल्ली पुलिस के लेटर की) है, जिसके जरिए भारत के बंगालीभाषी लोगों को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने इसे निंदनीय, अपमानजनक, राष्ट्रविरोधी और असंवैधानिक बताया है।

क्या बोलीं ममता बनर्जी?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'अब देखिए कि कैसे भारत सरकार के गृह मंत्रालय के सीधे नियंत्रण में आने वाली दिल्ली पुलिस बंगाली को "बांग्लादेशी" भाषा बता रही है!।' उन्होंने लिखा, 'बंगाली बंगाल के लोगों की मातृभाषा है, रवींद्रनाथ टैगोर और स्वामी विवेकानंद की भाषा है। यह वो भाषा है, जिसमें राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत लिखे गए हैं।' ममता बनर्जी ने आगे लिखा, 'इस भाषा को करोड़ों भारतीय बोलते और लिखते हैं। इस भाषा को भारत के संविधान द्वारा मान्यता प्राप्त है, अब उसे बांग्लादेशी भाषा कहा जा रहा है!!' 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मार्च 2025 में दक्षिणी दिल्ली पुलिस की टीम ने कथित रूप से 8 बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा था, जिनके पास फेक आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज पाए गए थे। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर नई दिल्ली स्थित पश्चिम बंगाल के बंगा भवन को एक लेटर लिखा, जिसमें उन्होंने अवैध रूप से आए संदिग्ध व्यक्तियों के 'बांग्लादेशी भाषा' में लिखे दस्तावेजों के ट्रांसलेशन में मदद मांगी थी।

इस पत्र में दिल्ली पुलिस ने बांग्ला की जगह बांग्लादेशी भाषा लिखा था, जिसकी वजह से विवाद खड़ा हो गया। हालांकि इस विवाद पर दिल्ली पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस वजह से इसकी प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं की जा सकती है।

बीजेपी का पलटवार

इस मामले पर बीजेपी ने टीएमसी पर पलटवार किया है। बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वो वोट बैंक की राजनीति के लिए गलत सूचना फैला रही हैं। उन्होंने ममता बनर्जी के पोस्ट को एक बुरी तरह से रची गई राजनीतिक चाल करार दिया।

Tags:    

Similar News