Delhi Murder: मालवीय नगर में 2 सगे भाइयों पर हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर
Delhi Murder: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बीती रात लगभग 2 बजे लगभग 8 से 10 बदमाशों ने दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हादसे में एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।
दिल्ली मर्डर केस।
Delhi Murder: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में घर के बाहर खड़े दो भाइयों पर चाकुओं से हमला हो गया। इस हमले में 18 साल के लड़के विवेक की मौत हो गई,वहीं उसका भाई अमन गंभीर रूप से घायल है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। अमन गंभीर हालक में एम्स अस्पताल में भर्ती है और वेंटिलेटर पर उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात लगभग 2 बजे लगभग 8 से 10 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लड़कों की मां मालवीय नगर थाने के बाहर रोते हुए बेहोश हो गई।
राजधानी दिल्ली में हुई एक अन्य घटना में कालकाजी मंदिर में सेवादार योगेंद्र सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दरअसल, उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले सेवादार योगेंद्र सिंह पिछले 15 सालों से कालकाजी मंदिर में काम करते थे। बीती रात उनकी और आरोपियों के बीच चुन्नी-प्रसाद को लेकर बहस हुई थी। इस दौरान मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि आरोपियों ने योगेंद्र सिंह को बाहर देख लेने की धमकी दी। इसके बाद रात में लगभग 9.30 बजे जब योगेंद्र बाहर निकले, तो बाहर सभी आरोपी उनका इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने अचानक योगेंद्र पर हमला बोल दिया और लाठी डंडों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी अतुल पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।