Delhi Weather on Karwa Chauth: करवा चौथ पर होगी बारिश... क्या चांद दिखने पर भी पड़ेगा असर?
दिल्ली एनसीआर में बारिश ने विजयदशमी के त्योहार को धो दिया है। अब सवाल उठता है कि क्या इंद्र देवता सुहागिनों के सबसे बड़े पर्व यानी करवा चौथ में भी विघ्न डालेंगे
जानिये करवा चौथ यानी 10 अक्टूबर तक दिल्ली के मौसम का हाल
देश के कई हिस्सों में विजयदशमी का त्योहार बारिश की वजह से धुल गया है। अभी भी कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। अक्टूबर माह में बारिश ने सभी को हैरानी में डाल रखा है। सबसे ज्यादा चिंता उन महिलाओं को हो रही है, जो कि 10 अक्टूबर को आने वाले करवा चौथ पर्व की तैयारियों में जुटी हैं। तो चलिये बताते हैं कि अक्टूबर माह में करवा चौथ तक दिल्ली के मौसम का हाल कैसा रहेगा, जिसके अनुरूप इस पर्व की तैयारियां प्लान की जा सकती हैं।
देश की राजधानी दिल्ली में अक्टूबर माह की शुरुआत के साथ ही मौसम में खासा बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां लोगों को उमस की वजह से परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं बारिश के चलते दशहरे के पर्व का मजा भी खराब हो गया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यह बारिश मानसून की वजह से नहीं बल्कि बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से हो रही है।
इसकी वजह से उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्से प्रभावित होंगे, जिसमें दिल्ली भी शामिल है। मौसम विभाग की मानें तो आज भी दिल्ली में बादलो की आवाजाही रहेगी, लेकिन 4 अक्टूबर को मौसम साफ रहने के बाद 5 से 7 अक्टूबर के बीच तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
ऐसे में अगर आप करवा चौथ के लिए खरीदारी करना चाहती हैं तो आपको या तो 3 या 4 अक्टूबर को ही खरीदारी कर लेनी चाहिए। इसके बाद 8 और 9 अक्टूबर को खरीदारी करने की सोची तो भी मौसम धोखा दे सकता है।
8 और 9 अक्टूबर को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 8 अक्टूबर को भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखी जा सकती है। 9 अक्टूबर की बात करें तो भी ठंडी हवाओं का अहसास होगा। यही वजह है कि मौसम विभाग की भविष्यवाणी को देखें तो करवा चौथ पर्व की खरीदारी के लिए 3 और 4 अक्टूबर को दिन ही सबसे सही माना जा रहा है।
10 अक्टूबर को करवा चौथ पर होगी बारिश?
अब सवाल आता है कि करवा चौथ के दिन यानी 10 अक्टूबर को दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो दोपहर बाद कुछ जगह पर छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह के वक्त मौसम सुहावना महसूस होगा, लेकिन बारिश के बाद उमस का भी सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में महिलाओं को करवा चौथ पर्व के लिए ड्रेस का चयन करते समय ध्यान देना चाहिए कि हवादार रहे और उमस से ज्यादा परेशानी न हो।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।