Sharmishta Panoli: शर्मिष्ठा पनोली को 13 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा, इन्फ्लुएंसर ने कहा- ये लोकतंत्र नहीं
कोलकाता पुलिस ने पुणे की इस छात्रा को बीती रात गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। उन पर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विवादित वीडियो अपलोड करने का आरोप है।
शर्मिष्ठा पनोली को कोलकाता पुलिस ने गुरुग्राम से किया अरेस्ट।
इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को गुरुग्राम से गिरफ्तार करने के बाद आज अलीपुर सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले को सुनने के बाद उन्हें 13 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कोर्ट के इस फैसले के बाद शर्मिष्ठा पनोली बेहद गुस्से में नजर आई। उन्हें जब पुलिस की गाड़ी में बैठाया जा रहा था तो उन्होंने चिल्लाते हुए कहा कि यह लोकतंत्र नहीं है।
कोलकाता पुलिस ने शर्मिष्ठा पनोली को कथित तौर पर सांप्रदायिक टिप्पणियों वाले वीडियो को अपलोड करने के आरोप में अरेस्ट किया है। शर्मिष्ठा ने कथित रूप से ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बॉलीवुड एक्टर्स की चुप्पी पर सवाल उठाए थे। इसके बाद जब विवाद बढ़ा तो वीडियो डिलीट कर दिया था, लेकिन तब तक केस दर्ज हो चुका था।
कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शर्मिष्ठा पनोली ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद वीडियो अपलोड कर कथित तौर पर बॉलीवुड अभिनेताओं की 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चुप्पी साधने का आरोप लगाकर सवाल उठाए। जब इस वीडियो की तीखी आलोचना हुई और ट्रोल होने लगी तो इस वीडियो को डिलीट कर दिया। अधिकारी ने बताया कि वीडियो डिलीट करने से पहले ही उनके खिलाफ केस दर्ज हो चुका था। जब उनके घर पर दबिश दी तो पूरा परिवार फरार मिला।
इसके बाद पुलिस ने कोर्ट को पूरे मामले से अवगत कराया, जिसके बाद उनके खिलाफ वारंट जारी हो गया। पुलिस ने उनके सोशल मीडिया पर नजर रखी और उससे जुड़े नंबरों को सर्विलांस पर लगाया। इस दौरान सूचना मिली कि वो हरियाणा के गुरुग्राम में हैं। इस पर बीती रात गुरुग्राम पहुंची और शर्मिष्ठा पनोली को अरेस्ट कर लिया। आज उन्हें अलीपुर सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 13 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शर्मिष्ठा पनोली मामले में अब तक क्या-क्या हुआ
बता दें कि शर्मिष्ठा पुणे की लॉ यूनिवर्सिटी की छात्रा हैं। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी बेहद लोकप्रिय हैं। गुरुग्राम पुलिस सूत्रों की मानें तो शर्मिष्ठा पनोली ने अपने वीडियो में कहा था कि बॉलीवुड के 3-4 एक्टर्स हैं, जो फिल्मों में देश के लिए जान देने की बात करते हैं, लेकिन असलियत में मौका आया देश के लिए खड़े होने का, सॉल्जर को सपोर्ट करने का, तो उनकी जुबान से एक शब्द नहीं निकलता। पनोली ने उन्हें हीपोक्रेट बताकर कहा था- शर्म आनी चाहिए।
शर्मिष्ठा के इस वीडियो पर फॉलोअर्स के रिएक्शन की बाढ़ आ गई। इनमें एक पाकिस्तान का भी है, जिसने सवाल पूछा था। उसी सवाल का जवाब देते हुए 14 मई को वीडियो अपलोड कर दिया, जिसमें उन्होंने धर्म विशेष पर टिप्पणी कर दी। इसके बाद बवाल मच गया।
जान से मारने और रेप करने की धमकी
शर्मिष्ठा पनोली ने विवाद बढ़ने के बाद अपना आपत्तिजनक वीडियो डिलीट कर दिया। साथ ही, लोगों से भी माफी मांगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें जान से मारने और रेप करने की धमकी दे रहे हैं। उनके परिवार को भी धमकियां मिल रही हैं।
कोलाकात छोड़कर गुरुग्राम पहुंची शर्मिष्ठा ने यहां भी वीडियो अपलोड किया, जिसमें कहा कि पाकिस्तान पर निशाना साधने के लिए कट्टरपंथ पाकिस्तानी आतंकवादी उन पर हमला बोल रहे हैं। इसी वीडियो को ट्रेस करने के बाद ही शर्मिष्ठा कोलकाता पुलिस की गिरफ्त में आई है।