Namo Bharat Train: स्टेशनों पर एंट्री गेट बंद, 1.25 करोड़ यात्रियों के सफर का आंकड़ा पार
Namo Bharat Train: मेरठ से गाजियाबाद के बीच सफर करने वाले कुछ स्टेशन पर एंट्री गेट बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं नमो भारत में सफर करने वाले यात्रियों का आंकड़ा 1.25 करोड़ पार कर चुका है।
नमो भारत ट्रेन
Namo Bharat Train: मेरठ से गाजियाबाद के बीच नमो भारत ट्रेन से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। मेरठ साउथ से गाजियाबाद स्टेशन तक दिल्ली जाने वाली लेन पर बने सभी स्टेशनों के एंट्री गेट बंद रखने का फैसला लिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने इस बारे में बताया कि कांवड़ियों को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। आगामी आदेश तक इन मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार को बंद रखा जाएगा। मेरठ से गाजियाबाद की तरफ जाने वाली लेन पर बने सभी प्रवेस द्वार खुले रहेंगे। नमो भारत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को इन्हीं प्रवेश द्वारों से अंदर आना होगा।
बता दें कि कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस आने लगे हैं। सोमवार को हरनंदी बैराज के रास्ते पर भोले भक्त जय-जयकार करते हुए आगे बढ़े। वर्तमान समय में राजस्थान के कांवड़ियों की वापसी हो रही है। आने वाले दिनों में दिल्ली, हरियाणा और गाजियाबाद के कांवड़िये भी वापस आने लगेंगे। इसको देखते हुए ये फैसला लिया गया है।
वहीं नमो भारत ट्रेन पर लोगों का भरोसा बढ़ता जा रहा है। हाल ही में नमो भारत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों का आंकड़ा 1.25 करोड़ पार कर चुका है। इससे पता चलता है कि लोग अपने निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
NH-58 पर कांवड़ यात्रा के कारण ट्रैफिक प्रतिबंध लागू हैं। इसके कारण निजी वाहन चालकों और नौकरी पेशा लोगों को परेशानी होने लगी। ऐसे में नमो भारत उनकी यात्रा का सबसे सरल और कारगर समाधान बनकर उभरी है। नमो भारत ट्रेन के जरिए यात्री बिना किसी डायवर्जन के आरामदायक और समय पर अपनी मंजिल तक पहुंच पाते हैं।
बता दें कि वर्तमान समय में नमो भारत ट्रेनें दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चलती हैं। इस दौरान ये ट्रेन कुल 11 स्टेशनों पर रुकती है। इसकी मदद से रोजाना हजारों नौकरी पेशा लोग ट्रैफिक के झंझट से मुक्त होकर सुरक्षित तरीके से यात्रा कर रहे हैं।