Ghaziabad Police: डासना जेल से कैदी को भगाने की साजिश... पकड़े गए 2 सिपाही, कैसे खुला राज?
Ghaziabad Police: गाजियाबाद के दो सिपाहियों को जेल से कैदी भगाने की साजिश में गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों डासना जेल से कैदी को भगाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उनकी साजिश नाकाम रही।
गाजियाबाद की डासना जेल से कैदी भगाने की नाकाम साजिश।
Ghaziabad Police: गाजियाबाद की डासना जेल से कैदी को भगाने की नाकाम साजिश का खुलासा हुआ है। इस साजिश को उत्तर प्रदेश पुलिस के ही 2 सिपाही अंजाम देने वाले थे। इस मामले में कविनगर थाना पुलिस ने पुलिस लाइन में तैनात 2 सिपाही सचिन और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है। ये दोनों सिपाही ड्यूटी के नाम पर डासना जेल के कैदी को भगाने के लिए पहुंचे थे।
हालांकि, घटना को अंजाम देने से पहले ही जेल प्रशासन को शक हो गया, जिसके बाद मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों कांस्टेबल के खिलाफ कविनगर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर ने इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह मामला 4 अक्टूबर का है। जेल से कैदी को भगाने के आरोप में पुलिस लाइन में तैनात दो सिपाही राहुल और सचिन को गिरफ्तार किया गया है। उनकी ड्यूटी जेल से कैदियों को पेशी के लिए हवालात और अदालत तक लाने की है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ये दोनों सिपाही प्राइवेट गाड़ी से डासना जेल पहुंचे। उस दिन 6 कैदियों की कोर्ट में पेशी होनी थी। हालांकि इन दोनों सिपाहियों ने सिर्फ एक कैदी बिजेंद्र को ले जाने की बात कही। उन्होंने बिजेंद्र को गौतमबुद्ध नगर पेशी पर ले जाने के लिए कहा।
इस पर जेल प्रशासन ने कहा कि सभी 6 कैदियों को एक साथ ले जाना है, लेकिन सिपाही अपनी बात पर अड़े रहे। ऐसे में जेल प्रशासन को शक हो गया, जिसके बाद जांच की गई। जांच में सामने आया कि उस दिन किसी भी कैदी की पेशी गौतमबुद्ध नगर में नहीं होनी है। इसके बाद गहराई से जांच करने पर साजिश का खुलासा हुआ। फिर इस मामले की जानकारी पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई।
दोनों सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर
डासना जेल प्रशासन की जांच में मामला का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि उस दिन गौतमबुद्धनगर पेशी के लिए उनकी कोई आधिकारिक रवानगी पुलिस लाइन के रिकॉर्ड में दर्ज ही नहीं थी। साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस लाइन के रिजर्व इंस्पेक्टर ने दोनों सिपाहियों के खिलाफ कविनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन से आए कांस्टेबल एक कैदी को जेल से भगाने की साजिश रची थी। इसके बाद दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन दोनों को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।