Flood Threat Delhi: यमुना तट पर अचानक पहुंचे मंत्री प्रवेश वर्मा, जलस्तर देख बोले- सिचुएशन कंट्रोल में

पहाड़ों पर हो रही बारिश से यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने यमुना का जायजा लिया। उन्होंने यमुना प्रदूषण, जलभराव, बाढ़ की आशंका समेत कई सवालों के जवाब दिए।

Updated On 2025-07-13 15:28:00 IST

यमुना से पानी के सैंपल लेते मंत्री प्रवेश वर्मा। 

दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है। कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव होना लाजमी है, लेकिन दिल्ली में बाढ़ आने की भी आशंका जताई जा रही है। दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज पल्ला का दौरा कर यमुना का निरीक्षण किया। इससे पूर्व उन्होंने मानसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी की।

दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने मीडिया से बातचीत में जलभराव से लेकर बाढ़ तक, सभी सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि रविवार को भी हमारे सभी अधिकारी काम कर रहे हैं, जो कि हमारे काम के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आने वाले मानसून का स्वागत कर रहे हैं। सभी विभाग ने तैयारियों को लेकर क्या कदम उठाए, उसके लिए समीक्षा बैठक की।

उन्होंने कहा कि हरियाणा से यमुना में आने वाले पानी का भी सैंपल लिया है। आगे चलकर दिल्ली की ड्रेनेज का भी पानी नदी में जाता है, जिससे यमुना का पानी काला हो जाता है। इस पर दिल्ली जल बोर्ड काम कर रहा है। लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और डीडीए भी अपने नालों की सफाई कर रहे हैं। उन्होंने यमुना स्वच्छता अभियान के तहत हो रहे कार्यों पर संतुष्टि जताई।

दिल्ली में बाढ़ की आशंका पर क्या कहा

पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दिल्ली फिर से बाढ़ के पानी में डूब सकती है। मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस सवाल पर कहा कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली के लिए मानसून अच्छी तरह से गुजर जाएगा।

दिल्ली से जलभराव की समस्या खत्म होगी

मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिल्ली में जलभराव की समस्या पर कहा कि जलभराव तब होता है, जब पानी 4-5 घंटे तक रुका रहता है। दूरदराज के इलाकों के लोगों ने बताया कि नालों की सफाई होने के कारण जलभराव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने ऐसी सड़कों की पहचान कर ली है, जहां अभी भी जलभराव हो रहा है। इन पर कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही यह समस्या भी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी।

कांवड़ियों का दिल्ली में स्वागत

दिल्ली में भी अब कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। प्रवेश वर्मा ने कांवड़ यात्रा को लेकर कहा कि सभी श्रद्धालुओं को मेरा नमस्कार है। सभी श्रद्धालुओं को सावन के पहले सोमवार की बधाई देता हूं। दिल्ली सरकार की ओर से कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी उपाए किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ शेड के लिए भी धन मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को दिल्ली में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Similar News