दिल्ली पर बाढ़ का खतरा: यमुना जलस्तर ने चेतावनी चिह्न को किया पार, आज खतरे के निशान को छूने की संभावना

दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर शनिवार रात को यमुना का जलस्तर 205.11 मीटर दर्ज किया गया। आज यह खतरनाक स्तर को छू सकता है। संबंधित विभागों और एजेंसियों को एहितयाती कदम उठाने के लिए कहा गया है।

Updated On 2025-08-17 11:34:00 IST

दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडराया

यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर शनिवार की रात को यमुना नदी का जलस्तर 205.11 मीटर दर्ज किया गया है। यमुना में जलस्तर के खतरे का का स्तर 205.33 मीटर है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आज यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को छू सकता है। इसको देखते हुए रेस्क्यू टीमों को अलर्ट रहने और डूब क्षेत्रों के आसपास में लोगों को न रहने के लिए अलर्ट करने की हिदायत जारी की गई है।

पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते पिछले दो सप्ताह से हथिनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते दिल्ली में भी यमुना का जलस्तर कभी बढ़ता और कभी घटता देखा गया है। लेकिन, पिछले तीन चार दिनों से यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है।

आई एंड एफसी विभाग की ओर से बताया गया है कि हथिनीकुंड बैराज से रोजाना हर घंटे करीब 38897 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वजीराबाद बैराज से भी प्रति घंटा 45620 पानी छोड़ा जा रहा है। चूंकि यमुना का जलस्तर शनिवार की रात आठ बजे 205.11 मीटर दर्ज किया गया है, जो कि खतरे के निशान यानी 205.33 मीटर से कुछ ही नीचे है। इसके कारण संभावना बन रही है कि यमुना के पुराने पुल पर जलस्तर खतरे के निशान को छू सकता है।

दिल्ली में आज बारिश होगी या नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, आज रविवार को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। संभावना जताई जा रही है कि दोपहर तक कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तापमान की बात करें तो रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। 

Similar News