Delhi Zoo: निजी हाथों में सौंपा जाएगा दिल्ली का चिड़ियाघर, वनतारा की तर्ज पर होगा विकसित
Delhi Zoo: दिल्ली के चिड़ियाघर को प्राइवेट कंपनी या सोसायटी को सौंपने की तैयारियां चल रही हैं। इसे वंतारा की तर्ज पर बनाया जाएगा और यहां जानवरों को विशेष सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
Delhi Zoo: दिल्ली के चिड़ियाघर को जल्द प्राइवेट कंपनी को सौंपा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के चिड़ियाघर को गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय और पर्यावरण एवं वन विभाग की बैठकें चल रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली के चिड़ियाघर को निजी कंपनी या सोसाइटी के हाथों में सौंपा जा सकता है। इसके लिए बैठकें तेज हो गई हैं। इसे जामनगर के वनतारा की तर्ज पर बनाया जा सकता है, जहां जानवरों को आधुनिक तरीके से रखा जाएगा। यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। इसमें एयर कंडीशन मेडिकल यूनिट्स और मॉडर्न रिहैब सेंटर बनाए जाएंगे। साथ ही जानवरों को जंगल जैसी आजादी दी जाएगी। इसके अलावा जानवरों की जो प्रजाति लुप्त होने की कगार पर हैं, उन्हें रेस्क्यू कर उनका इलाज भी किया जाएगा।
तैयार किया जा रहा डिजाइन
इस मामले से जुड़े एक अधिकारी ने जानकारी दी कि चिड़ियाघर का डिजाइन विशेषज्ञों से तैयार कराया जा रहा है। इसमें जानवरों को जंगल जैसा वातावरण देने, पर्यटकों को आकर्षित करने जैसी बहुत सी चीजों का ध्यन रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि समय के साथ जानवरों की कुछ प्रजाति लगभग लुप्त हो चुकी हैं। कुछ को यहां की जलवायु के कारण यहां रख पाना मुश्किल है। ऐसे जानवरों को इस चिड़ियाघर में रखने की विशेष तैयारियां की जाएंगी।
मगरमच्छ, घड़ियाल, बंदर और चिड़ियों के लिए होंगे ये इंतजाम
मगरमच्छ और घड़ियाल जैसी प्रजातियों के लिए पानी के नीचे एक बाड़ा तैयार किया जाएगा। इसकी मदद से मगरमच्छ और घड़ियालों को प्राकृतिक जलीय आवास में देखा जा सकेगा। इसी तरह वॉक थ्रू एवियरी का भी निर्माण किया जाएगा। वहीं पक्षियों के लिए प्राकृतिक हरी-भरी वनस्पति रखी जाएंगी। यहां पर बंदरों की विशेष प्रजातियां भी लाई जाएंगी। बहुत से वन्यजीव अब इस चिड़ियाघर में नहीं हैं, उन्हें भी वापस चिड़ियाघर में लाया जाएगा।