Delhi Zoo: फिर खुलने जा रहा दिल्ली का चिड़ियाघर, बर्ड फ्लू की वजह से हुआ था बंद
Delhi Zoo: दिल्ली चिड़ियाघर जल्द ही फिर से खुलने जा रहा है। इसके लिए अधिकारियों ने प्रस्ताव भेज दिया है। जानें कब खुल सकता है चिड़ियाघर...
दिल्ली चिड़ियाघर।
Delhi Zoo Opening Soon: राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) को अगस्त के अंत में दर्शकों के लिए बंद पड़ा हुआ है। 1 महीने से ज्यादा समय के बाद फिर से चिड़ियाघर खुलने जा रहा है। बर्ड फ्लू वायरस के प्रकोप की वजह से 30 अगस्त, 2025 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। अब चिड़ियाघर प्रशासन ने फिर से इस खोलने के लिए प्रस्ताव पेश किया है। अधिकारियों ने बताया कि हालिया में एवियन इन्फ्लूएंजा के लिए की गई जांच की रिपोर्ट में वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
इसके बाद से ही दिल्ली चिड़ियाघर के फिर से खोलने का रास्ता साफ हो गया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली चिड़ियाघर के डायरेक्टर संजीत कुमार ने बताया कि अधिकारियों की ओर से चिड़ियाघर को खोलने का प्रस्ताव पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि नियामक दिशानिर्देशों के अनुसार मंजूरी दी जाएगी।
7 अक्टूबर को आई थी रिपोर्ट
दिल्ली चिड़ियाघर के डायरेक्टर संजीत कुमार ने बताया कि 1 अक्टूबर को आखिरी बर्ड फ्लू सैंपल लिया गया था। 7 अक्टूबर को इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। डायरेक्टर ने बताया कि पिछले पॉजिटिव मामले के बाद लगातार दो नेगेटिव नतीजे आए हैं, जिसके बाद चिड़ियाघर को खोलने का प्रस्ताव रखा गया है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद चिड़ियाघर को खोलने की तारीख का ऐलान कर दिया जाएगा।
क्यों बंद हुआ चिड़ियाघर?
दिल्ली चिड़ियाघर को 30 अगस्त को बंद कर दिया गया था। अगस्त के अंत में चिड़ियाघर के अंदर 2 पेंटेड स्टॉर्क की मौत हो गई थी, जिसके बाद बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद लगभग 12 अन्य पक्षियों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि आखिरी बार बर्ड फ्लू का नमूना 1 सितंबर को मिला था, जब एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से किसी सैंपल में वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसा तीसरी बार हुआ था, जब चिड़ियाघर को एवियन इन्फ्लूएंजा के कारण बंद करना पड़ा है। इससे पहले साल 2016 और 2021 में भी चिड़ियाघर को बंद किया गया था।
चिड़ियाघर में लागू होंगे प्रोटोकॉल
अधिकारियों की मानें, तो चिड़ियाघर के दोबारा खुलने के बाद सभी दर्शकों या आगंतुकों को सुरक्षा के लिहाज से गाइडलाइन का पालन करना होगा। इसमें मास्क पहनने से लेकर सामाजिक दूरी बनाए रखना और निर्धारित मार्गों के भीतर चलना शामिल है। इसके अलावा जानवरों के बाड़ों के पास ज्यादा भीड़भाड़ इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा। इन सभी के लिए कड़ी व्यवस्था की जाएगी।