दिल्ली-नोएडा में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़: शालीमार गार्डन से एक और दादरी से 3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
Delhi News: बीती रात दिल्ली और नोएडा पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ को अंजाम दिया। इसके तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं एक आरोपी भागने में सफल रहा।
हरीनगर पुलिस ने डी.डी.यू. अस्पताल से ई-रिक्शा चोर को किया गिरफ्तार।
Delhi News: दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बीती रात दिल्ली और नोएडा पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दो मुठभेड़ों को अंजाम देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि एक आरोपी भागने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं मुठभेड़ में घायल बदमाशों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शालीमार बाग की घटना
शुक्रवार रात पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए शालीमार बाग के DAV कट के पास आने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी का दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस और बदमाश के बीच में मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
बता दें कि वजीराबाद रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुके और मोटरसाइकिल से वापस वजीराबाद रोड पर भागने लगे। पुलिस को युवकों पर संदेह हुआ, तो टीम ने उनका पीछा किया। सड़क ऊबड़-खाबड़ होने के कारण आरोपियों की मोटरसाइकिल फिसल कर गिर गई। पुलिस को देख आरोपियों ने अपनी जान बचाने के लिए उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान 25 वर्षीय तालिब और फरार बदमाश की पहचान मोनू के रूप में हुई है।
नोएडा के दादरी में मुठभेड़ के बाद तीन गिरफ्तार
वहीं, शुक्रवार रात दूसरी ओर नोएडा के दादरी में पुलिस ज्यू 3 नाले के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं रुके और भागने लगे। इन तीनों बदमाशों ने पुलिस पर बिना रुके फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान करन के रूप में हुई है। साथ ही इसके साथियों की पहचान हर्ष और पीयूष बंसल के रूप में हुई है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इस मामले में जानकारी देते हुए डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि ये तीनों बदमाश चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से अवैध असलाह व अन्य सामान भी बरामद किया है। वहीं घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस बदमाशों के आपराधिक मामलों की जांच में जुटी है।