Delhi Rain: दिल्ली-NCR में आज भी बरसेंगे बदरा, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें अपडेट
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। देखें अपडेट...
दिल्ली में आज का मौसम।
Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह की शुरुआत हल्की बारिश के साथ हुई। राजधानी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़े। इस दौरान 30-40 की रफ्तार से हवाएं चलीं। बीते 24 घंटे से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी है। इस बीच रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिसके कारण कुछ इलाकों में पानी भर गया है। इसकी वजह से वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार को भी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, गुरुग्राम में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात 2:30 बजे राजधानी में तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा में नमी का स्तर 98 फीसदी तक पहुंच गया।
आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार दोपहर के समय 10 किमी प्रति घंटे से कम की गति वाली पूर्वी हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार शाम के समय कम हो जाएगी। मंगलवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य बना रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है।
वहीं, बुधवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गुरुवार से साफ होगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इस दिन अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। गुरुवार को मौसम सामान्य बना रहेगा। इस दिन सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 5-10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
सोमवार को कितनी हुई बारिश?
सोमवार को दिल्ली में जमकर बारिश हुई। सुबह 8:30 से लेकर शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग मौसम केंद्र में 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पालम में 3.2 मिमी और रिज में 3.7 मिमी बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों होने वाली बारिश उत्तरी मैदानी इलाकों को प्रभावित करने वाले एक पश्चिमी विक्षोभ का परिणाम है। विभाग का अनुमान है कि हिमालयी क्षेत्र में ताजा बर्फबारी से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।