Delhi Police: दिल्ली पुलिस का 'जनरल गश्त'... पूरी रात चला अभियान, अपराध पर लगेगी लगाम!

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने शनिवार देर रात 'जनरल गश्त' अभियान चलाया। इस दौरान बड़े स्तर पर अपराधियों पर कार्रवाई की गई। देखें ये रिपोर्ट...

Updated On 2025-10-13 11:57:00 IST

दिल्ली पुलिस का 'जनरल गश्त' अभियान।

Delhi Police General Patrol: राजधानी दिल्ली में फेस्टिव सीजन से पहले सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में बड़े पैमाने पर 'जनरल गश्त' अभियान चलाया। दिवाली से पहले शनिवार देर रात को पुलिस के इस अभियान का मकसद था, संभावित अपराधों पर रोक लगाना। इसके साथ ही ड्रग तस्करी जैसी गतिविधियों को रोकने और नागरिकों को सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए भी यह कार्रवाई की गई।

यह अभियान शनिवार रात 12 बजे से शुरू हुआ, जो रात के 4 बजे तक चला। इस अभियान में पुलिस की सभी ब्रांच, थाने, जिला स्तर की टीमें और कई बड़े अधिकारी शामिल थे। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने खुद सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और नई दिल्ली जिलों का दौरा किया।

कई संदिग्ध अपराधी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस के इस अभियान के दौरान पूरे शहर में जगह-जगह नाके यानी चेकपॉइंट्स लगाए गए। सड़कों पर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की गई। इस दौरान बाजारों, मॉल, मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। इस अभियान में कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई, जिसके बाद संभावित अपराध को रोकने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

इन पर हुई कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रात 12 बजे से 4 बजे तक जनरल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 23,537 वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 66 के तहत 2,083, धारा 65 के तहत 14,542 और धारा 126 और 170 के तहत 480 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

साथ ही धारा 92, 93 और 97 के तहत 139 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया, जबकि 128 अपराधियों को बीसी (गुंडा सूची) के तहत गिरफ्तार किया गया। इतना ही नहीं, आबकारी अधिनियम के तहत 485 मामलों में अवैध शराब और आर्म्स एक्ट के तहत 74 मामलों में अवैध हथियार जब्त किए गए।

क्या था अभियान का मकसद?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, जनरल गश्त अभियान का मकसद सिर्फ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं थी, बल्कि अपराध प्रॉन इलाकों की पहचान करना भी था। इससे अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सकेगी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News