Delhi Police Action: दिल्ली पुलिस का नशे पर वार... 2 नाइजीरियन समेत 6 ड्रग तस्कर गिरफ्तार
Delhi Police Action: दिल्ली पुलिस ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने इंटरनेशनल ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने 2 नाइजीरियन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया।
दिल्ली पुलिस ने इंटरनेशनल ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया।
Delhi Police Action: दिल्ली पुलिस ने बड़े अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट के भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाइजीरियाई नागरिक और एक महिला भी शामिल हैं। आरोपी महिला केरल की रहने वाली है, जो पढ़ी-लिखी हुई है। पुलिस ने रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 7 किलो मेथाम्फेटामाइन बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला कि पूरा सिंडिकेट बेंगलुरु से चलाया जा रहा था, जिसे केरल के रहने वाले लोग कंट्रोल कर रहे थे। इस रैकेट के लोग दिल्ली, केरल समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में ड्रग्स की सप्लाई करते थे।
कैसे हुए रैकेट का भंडाफोड़?
दरअसल, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को केरल पुलिस से रैकेट के बारे में जानकारी मिली थी। इसमें पता चला कि सुहैल नाम का व्यक्ति दिल्ली में छिपा हुआ है। वह एनडीपीएस मामलों में वांटेड है। आरोपी सुहैल दिल्ली से बेंगलुरु और केरल में ड्रग्स की सप्लाई करता है। इस इनपुट पर क्राइम ब्रांच ने एक टीम बनाई और जांच शुरू की, जिसके बाद आरोपी सुहैल को दिल्ली के एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया। उसके साथ एक अन्य आरोपी सुजिन भी पकड़ा गया। पुलिस वे उन दोनों के कब्जे से लगभग 6 किलो मेथाम्फेटामाइन जब्त किया।
आरोपियों से पूछताछ करने पर गिरोह के नाइजीरियन नागरिक की जानकारी मिली, जो ड्रग्स की सप्लाई करता था। क्राइम ब्रांच ने दिल्ली के छतरपुर और मोहन गार्डन इलाकों में छापेमारी करके उसे गिरफ्तार किया। उसकी पहचान टोबी डेको के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से 64 ग्राम मेथाम्फेटामाइन और फिर उसके ठिकाने से 865 ग्राम ड्रग्स बरामद किया। पुलिस ने टोबी से कड़ी पूछताछ की, जिसमें पता चला कि पूरा नेटवर्क नाइजीरिया से चलाया जा रहा था। नाइजीरियाई आरोपी काफी समय दिल्ली और बेंगलुरु में नशे की सप्लाई कर रहा था।
बेंगलुरु से पकड़ा गया दंपति
दिल्ली पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। जांच करते हुए पुलिस की टीम बेंगलुरू पहुंची, जहां से सुहा फातिमा उर्फ नेहा और उसके पति मोहम्मद जाहिद को गिरफ्तार किया। ये दोनों मिलकर ड्रग्स के अवैध धंधे में फाइनेंस करते थे। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के एक अन्य आरोपी की जानकारी मिली। पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में छापेमारी करके गिरोह के दूसरे नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान चिक्वाडो न्नाके किंग्सले के रूप में हुई, जो साल 2015 से भारत में रह रहा था।
मोबाइल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
दक्षिण-पूर्व जिला एसटीएफ ने एक इंटरस्टेट और सीमा पार मोबाइल फोन की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मोहतर शेख, मोहम्मद गुलू शेख और अब्दुल शमीम शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की 3 देसी पिस्तौल, 6 जिंदा कारतूस और 228 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए। ये आरोपी मोबाइल को बिचौलियों के जरिए पड़ोसी देशों जैसे नेपाल और बांग्लादेश में पहुंचाते हैं, जहां पर ज्यादा रेट पर बेचा जाता था।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।