Robber Gang: सम्मोहित करके ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार

Robber Gang: दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग महिलाओं को सम्मोहित करके उनके गहने और कीमती चीजें उड़ा लेते हैं।

Updated On 2025-07-23 17:57:00 IST

दिल्ली पुलिस ने तीन ठगों को गिरफ्तार किया। 

Robber Gang: दिल्ली-एनसीआर में लोगों को सम्मोहित करके ठगी करने वाले लोगों की तादाद बढ़ती जा रही है। दिल्ली से लेकर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक ऐसे कई लोग बिखरे हुए हैं, जो लोगों को सम्मोहित कर उनके पास से पैसे ले लेते हैं। उनके गायब होने के बाद पता चलता है कि पीड़ित के साथ ठगी हुई है और उसके सारे पैसे जा चुके हैं।

हाल ही में दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को सम्मोहित करके उनके साथ ठगी करता था। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रणहोला में महिलाओं पर कथित रूप से 'सम्मोहन' का इस्तेमाल करके उनसे पैसे, ज्वेलरी और कीमती सामान ले लिया जाता था। इस आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण, उसकी पत्नी और बहू के रूप में हुई है। ये आरोपी स्थानीय बाजारों में सोने के गहने पहनने वाली महिलाओं को अपना शिकार बनाते थे।

बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने उनकी ठगी करने का तरीका बताते हुए कहा, 'गिरोह की एक महिला मार्केट में घूमने निकलती है। वो दूसरी महिलाओं के पास जाकर बातचीत करती और दोस्ती कर लेती। इसके बाद उसे धोखा देने और गुमराह करने की कोशिश करती थी। धोखा देने के लिए आरोपी महिला कपड़े में लिपटा कागज का एक बंडल दिखाती, जिसपर एक ऊपर वाला नोट असली होता था। जब पीड़िता का ध्यान भटकता, तो गिरोह के बाकी लोग उसके गहने चुराकर भाग जाते। इसके बाद ये लोग उस ज्वेलरी को बेच देते थे।'

पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को 21 जुलाई को विकास नगर के नाला रोड स्थित साईं बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने 17 जुलाई को एक महिला से ठगी करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद 18 जुलाई को रणहोला पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Tags:    

Similar News