Delhi Chief Secretary: दिल्ली को मिला नया मुख्य सचिव, जानें कौन हैं IAS राजीव वर्मा?

Delhi Chief Secretary: आईएएस राजीव वर्मा को दिल्ली का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। वह 1 अक्टूबर से अपना पदभार संभालेंगे। जानिए उनके बारे में...

Updated On 2025-09-29 11:07:00 IST

दिल्ली के नए मुख्य सचिव आईएएस राजीव वर्मा।

Delhi Chief Secretary: दिल्ली के नए मुख्य सचिव के पद पर वरिष्ठ आईएएस राजीव वर्मा को नियुक्त किया गया है। आईएएस राजीव वर्मा 1 अक्टूबर को दिल्ली के नए मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करेंगे। वे मौजूदा मुख्य सचिव धर्मेन्द्र की जगह लेंगे, जो 30 सितंबर को रिटायर होने जा रहे हैं। इसको लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया कि 1992 बैच एजीएमयूटी कैडर के आईएएस अधिकारी राजीव वर्मा को चंडीगढ़ से दिल्ली ट्रांसफर किया गया है।

इससे पहले आईएएस राजीव वर्मा को केंद्र सरकार की ओर से चंडीगढ़ में सलाहकार नियुक्त किया गया था। इसके अलावा राजीव वर्मा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल में दिल्ली में परिवहन आयुक्त और मंडल आयुक्त जैसे पदों पर रह चुके हैं।

कौन हैं आईएएस राजीव वर्मा?

दिल्ली के नए मुख्य सचिव राजीव वर्मा 1992 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी हैं। इससे पहले 2022 से 2024 तक उन्हें केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ प्रशासक का सलाहकार नियुक्त किया गया था। इसके बाद 29 जनवरी 2024 को राजीव वर्मा चंडीगढ़ के मुख्य सचिव बने।

आईएएस राजीव वर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। उन्होंने रुड़की से कंप्यूटर साइंस में डिग्री ली। इसके बाद आईआईटी से एमटेक किया।

दिल्ली सरकार के साथ कर चुके हैं काम

आईएएस राजीव वर्मा पहले भी दिल्ली सरकार के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने 2018 से 2022 तक दिल्ली में प्रधान सचिव और वित्त आयुक्त के रूप में काम किया। इसके अलावा 2017 से 2018 तक दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में आवास एवं शहरी मामलों के प्रधान आयुक्त की जिम्मेदारी संभाली। राजीव वर्मा 2013 से 2017 तक रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव रहे हैं। इससे पहले उन्होंने दिल्ली के परिवहन विभाग में अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और संयुक्त सचिव के रूप में काम किया। अब राजीव वर्मा एक बार फिर दिल्ली सरकार के साथ काम करेंगे।

Tags:    

Similar News