Report: दिल्ली में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अपराध, देखें NCRB की ताजा रिपोर्ट
Delhi NCRB Report: दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध के मामले सामने आते हैं। साल 2023 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ कुल 13,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। देखें रिपोर्ट...
Delhi NCRB Report: नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2023 की रिपोर्ट आ गई है। दिल्ली की बात करें, तो वह मेट्रो शहरों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में सबसे आगे रहा। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में दिल्ली के अंदर महिलाओं के खिलाफ कुल 13,366 अपराध दर्ज हुए। हालांकि ये आंकड़ा साल 2022 की तुलना में थोड़ा कम रहा। फिर भी दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध चिंता का विषय हैं।
साल 2023 में मुंबई में इस तरह के 6,025 मामले और बेंगलुरु में 4,870 मामले सामने आए, जो दिल्ली की तुलना में आधे से भी कम हैं। एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के अंदर देश के 19 मेट्रो शहरों में सबसे ज्यादा दहेज हत्या और बलात्कार के मामले दर्ज किए गए। हालांकि दिल्ली में प्रति लाख आबादी के हिसाब से अपराध दर 14.4 फीसदी रही, जो इंदौर और जयपुर से कम है।
2023 में 1,088 बलात्कार के मामले दर्ज
साल 2023 में दिल्ली के अंदर 1088 बलात्कार के मामले दर्ज किए गए। वहीं, जयपुर में 573 और मुंबई में 196 मामले सामने आए। हालांकि, दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ कुल अपराध में 5.59 फीसदी की गिरावट आई। साल 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 14,158 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2021 में यह आंकड़ा 13,982 रहा था।
वहीं, साल 2023 में दिल्ली के अंदर महिलाओं के अपहरण के 3,952 मामले दर्ज हुए। दिल्ली में अपहरण की दर 52.2 फीसदी रही, जो पटना के बाद दूसरी सबसे ज्यादा है। पटना में यह रेट 71.3 फीसदी का रहा। इसके अलावा दिल्ली में 2023 के दौरान एसिड अटैक के भी कुल 6 मामले सामने आए। यह आंकड़ा भी देश के अन्य मेट्रो शहरों की तुलना में सबसे अधिक है।
क्रूरता के मामले में दिल्ली सबसे आगे
रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं के साथ पति द्वारा की गई क्रूरता के मामले में दिल्ली सबसे आगे है। 2023 के दौरान दिल्ली में इस तरह के कुल 4,219 केस दर्ज किए गए। इसके अलावा यौन मामलों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दिल्ली में बच्चियों के साथ बलात्कार के 1,048 मामले दर्ज किए गए, जो सबसे ज्यादा हैं।
वहीं, महिलाओं के खिलाफ 2023 में साइबर क्राइम के 36 मामले दर्ज किए गए। वहीं, यह आंकड़ा बेंगलुरु में 127, हैदराबाद में 53 और लखनऊ में 41 का रहा। इनमें यौन सामग्री भेजना, ब्लैकमेल, फर्जी प्रोफाइल बनाना जैसे क्राइम शामिल हैं।
साइबर क्राइम के मामलों में कमी
एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 में दिल्ली के अंदर साइबर क्राइम और ठगी से जुड़ी सिर्फ 407 एफआईआर दर्ज हुईं। इससे पहले साल 2022 में ऐसे 685 मामले सामने आए थे। इनमें ज्यादातर बैंकिंग और ओटीपी फ्रॉड, उगाही और पहचान की चोरी के मामले शामिल थे। हालांकि, चार्जशीट दर केवल 49 फीसदी रही, जिससे पता चलता है कि आधे से ज्यादा मामले कोर्ट तक नहीं पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो दिल्ली में साइबर क्राइम बढ़ रहा है, लेकिन कई मामले दर्ज नहीं हो पाते हैं।