Delhi Monsoon Mela: दिल्ली में लगा मानसून मेला, जानिये टाइमिंग से लेकर एंट्री फीस तक सब कुछ

दिल्ली में आज से मानसून मेला लग चुका है। अगर आपको भी बारिश के मौसम में घूमना पसंद है, तो आपको एक बार यहां इस मानसून मेले को अवश्य देखना चाहिए। जानिये ऐसा क्या है खास इस मेले में...

Updated On 2025-08-23 13:06:00 IST

दिल्ली मानसून मेला आज से शुरू 

बरसात के मौसम में घूमने की बात ही अलग होती है। दिल्ली में आज से कल तक मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। अगर आप भी इस बारिश के बीच घूमना चाहते हैं, तो आप दिल्ली हाट का रूख कर सकते हैं। दरअसल, यहां पर दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से मानसून मेले की शुरुआत हो चुकी है। इस मेले में कई गतिविधियां होंगी, जिसे देखकर केवल आप ही नहीं बल्कि आपके बच्चे भी खुशी से खिल उठेंगे। तो चलिये बताते हैं कि इस मेले में क्या-क्या खास चीजें हैं।

मानसून मेले में क्या क्या खास

इस मेले में आप शॉपिंग से लेकर विभिन्न राज्यों के खाने का आनंद ले सकते हैं। साथ ही, यहां बच्चों के लिए झूले लगाए गए हैं। बच्चों को मैजिक शो भी बेहद पसंद आता है। यही सोचकर यहां पर मैजिक शो का भी आयोजन किया जा रहा है। यही नहीं, अगर आपको कॉमेडी सुनना पसंद है तो यहां भी कॉमेडी कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था की गई है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र

इस मेले के दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। विशेषकर निजामी ब्रदर्स की कव्वाली को सुनने का मौका बिल्कुल भी नहीं छोड़ना चाहिए। गीत-संगीत और नृत्य से सजा यह माहौल आपको दिल्ली की भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ समय के लिए दूर कर देगी।

बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन

इस मानसून मेले में बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। यहां पर बच्चों को साफ सफाई का महत्व समझाने के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। पहले नंबर पर आने वाले बच्चे को 2000 रुपये, दूसरे स्थान पर 1500 रुपये और तीसरे स्थान पर 1000 रुपये बतौर पुरस्कार राशि दी जाएगी। यही नहीं, सांत्वना पुरस्कार के रूप में तीन बच्चों को 500-500 रुपये भी दिए जाएंगे।

कब से कब तक चलेगा मानसून मेला

यह मानसून मेला जनकपुरी स्थित दिल्ली हाट में आज से शुरू हो चुका है। यह मेला सुबह 11 बजे से शुरू होकर रात 9 बजे तक लगेगा। यह मेला दो दिन के लिए ही लगेगा। एंट्री फीस निशुल्क है। तो अगर आज इस मेले में शामिल नहीं हो पा रहे तो कोई बात नहीं, लेकिन कल यानी रविवार को अपने बच्चों को इस मेले में अवश्य ले जाएं। दावा है कि न केवल आप बल्कि आपके बच्चे भी इस मेले में शामिल होकर खुद को बेहद प्रसन्न महसूस करेंगे।

Similar News