दिल्ली में चल रहा झंडा स्कैम: देशभक्ति के नाम पर बना रहे शिकार, जबरन पैसे वसूलती हैं महिलाएं
Delhi Metro Flag Scam: दिल्ली मेट्रो स्टेशन और कई बस स्टैंड पर झंडा स्कैम चल रहा है। ये स्कैम कई सालों से चल रहा है। यहां महिलाएं लोगों की जेब पर तिरंगा झंडा लगाकर पैसे वसूलती हैं।
दिल्ली मेट्रो स्टेशन के बाहर चल रहा झंडा स्कैम।
Delhi Metro Flag Scam: दिल्ली में मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के बाहर एक स्कैम कई सालों से चल रहा है, जिसे झंडा स्कैम कहा जा रहा है। पॉकेट पर झंडा लगाने के नाम पर कुछ महिलाएं और लड़कियां मेट्रो स्टेशन, बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी हो जाती हैं। वे आते-जाते लोगों को घेर कर रोक लेती हैं। इसके बाद उनकी जेब पर जबरदस्ती तिरंगा झंडा लगाती हैं और पैसे मांगती हैं। वे लोगों से 10-20 से लेकर 100-200 रुपए तक ले लेती हैं।
कई बार लोग जब उनको 10-20 रुपए देने की कोशिश करते हैं, तो वो झटककर 100, 200 और 500 रुपए मांगती हैं। नहीं देने पर लोगों के साथ बहस करती हैं और उन्हें आगे निकलने नहीं देतीं। कई मामलों में देखा गया कि वो जबरदस्ती लोगों की जेब से भी पैसे निकालने लगती हैं।
इसकी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कुछ महिलाएं मेट्रो में आने और जाने वाले लोगों को नेशनल फ्लैग लगा देते हैं। इसके बाद वो एनजीओ, गरीब बच्चों की पढ़ाई, गरीब बच्चों के खाने आदि जैसी चीजों का हवाला देकर चंदा मांगती हैं। वायरल वीडियो बनाने वाले ने दावा किया कि उसके साथ भी स्कैम किया गया।
दिल्ली मेट्रो का वायरल वीडियो Arhantt_pvt नाम के यूजर ने पोस्ट किया। इस तरह की वीडियो कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी शेयर की हैं। लोगों ने इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में भी बताया कि ये स्कैम राजीव चौक, इंडिया गेट समेत तमाम जगहों पर होता है। ये औरतें यहां आने-जाने वाले लोगों से 20, 50, 100 या उससे ज्यादा रुपए वसूलती हैं।
एक यूजर ने कमेंट सेक्शन में ये भी बताया कि ये स्कैम आज से नहीं चल रहा है। ये स्कैम लगभग पिछले 15 सालों से अलग-अलग जगहों पर चल रहा है। वहीं दूसरे यूजर ने बताया कि दिल्ली के नेहरू प्लेस मेट्रो स्टेशन पर भी चलता है, जिसका नाम 'एक्सक्यूज मी गैंग' है। ये गैंग लोगों से पेटीशन साइन करने और फिर उनसे डोनेशन मांगने का काम करती है।