Delhi Murder: दिल्ली में कांग्रेस नेता लखपत कटारिया की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

Delhi Murder: दिल्ली के बेगमपुर इलाके में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated On 2025-09-26 15:35:00 IST

दिल्ली में 55 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Delhi Murder: दिल्ली के बेगमपुर इलाके में कांग्रेस नेता लखपत सिंह कटारिया को बाइक सवारों सहित 2 हमलावरों ने सरेआम गोली मार दी। इससे कटारिया बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर इलाज के दौरान कटारिया की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक, कटारिया शुक्रवार मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार 2 हमलावर आए और उनके ऊपर गोलियां बरसा दीं। इस घटना की सूचना मालवीय नगर थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने दी जानकारी

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मालवीय नगर थाने में सुबह करीब 9:53 बजे पीसीआर कॉल मिली। कॉलर ने बताया कि किसी शख्स को बदमाशों ने गोली मार दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि बाइक सवार दो हमलावरों ने लखपत सिंह कटारिया को विजय मंडल पार्क के पास रोक लिया और उन पर गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

कौन थे लखपत सिंह कटारिया?

जानकारी के मुताबिक, लखपत सिंह कटारिया (55) दिल्ली के बेगमपुर इलाके में रहते थे। शुक्रवार की सुबह बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। लखपत कटारिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा वह प्रॉपर्टी डीलर भी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बता दें कि दिल्ली में आए दिन गोलीबारी, हत्या, लूट के मामले सामने आते रहते हैं। बीते गुरुवार को दिल्ली के सीलमपुर में एक नाबालिग को चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Tags:    

Similar News