Delhi Flood: दिल्ली में मदनपुर खादर से मयूर विहार तक बाढ़ ने मचाया कोहराम, देखें वीडियो-तस्वीरें

Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ की वजह से मदनपुर खादर, मयूर विहार जैसे कई इलाके प्रभावित हुए हैं। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Updated On 2025-09-03 12:15:00 IST

दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ आई। 

Delhi Flood: दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसकी वजह से राजधानी के कई निचले इलाके डूब गए हैं। मदनपुर खादर, यमुना खादर, मयूर विहार, पुराना लोहे का पुल और गीता कॉलोनी जैसे इलाकों बाढ़ का पानी घुस गया है। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जगह-जगह राहत शिविर लगाए गए हैं।

बाढ़ जैसे हालातों के बीच लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस ने सावधानी बरतते हुए बाढ़ प्रभावित इलाकों के कई रास्ते भी बंद कर दिए हैं। पुराना लोहे का पुल भी बंद है। हजारों लोगों को बचाकर उन्हें राहत कैंप में रखा गया है।

भारी बारिश और हथिनीकुंड बैराज ने बढ़ाई मुश्किल

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी और भारी बारिश की वजह से यमुना की बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। दिल्ली में भी भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। IMD ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।



 यमुना खादर एरिया में बाढ़

यमुना खादर एरिया में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। लोग घर छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं। मदनपुर खादर में किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। किसान अपनी फसल को बचाने के प्रयास में लगे हुए हैं। वहीं पुराने रेलवे पुल के पास कई क्षेत्र भी प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से प्रभावित अब तक करीब 10,000 लोग अपना घर छोड़कर दूसरी जगह रहने को मजबूर हैं।

यमुना बाजार इलाके में NDRF की टीम तैनात

दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में NDRF की टीम तैनात की गई है। कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया, 'यहां पर तकरीबन 5-6 फीट पानी है। निचले इलाकों के घरों से लोगों को निकाल लिया गया है। अभी कुछ लोग और भी हैं जिन्हें बोला गया है कि सुरक्षित जगहों पर आ जाएं। कल रात से ही टीम यहां तैनात है। हम हर प्रकार की स्थिति के लिए तैयार हैं।'




उस्मानपुर गांव हुआ जलमग्न

उत्तर-पूर्वी दिल्ली का न्यू उस्मानपुर गांव भी बाढ़ के कारण पूरी तरह जलमग्न हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी गर्दन तक पहुंच गया है, वहीं प्रशासन से कोई मदद नहीं मिल रही है। राहत टेंट या बचाव अभियान न होने के कारण, निवासी खुद को और फंसे हुए जानवरों को बचा रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन और दिल्ली पुलिस द्वारा अभी तक इस संकट पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने की वजह से कई लोग फंसे हुए हैं। दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 में भी बाढ़ की वजह से राहत शिविर की व्यवस्था की गई है।

शिविर में लोगों के लिए की गई सुविधाएं

दिल्ली सरकार ने मयूर विहार, यमुना खादर और दूसरे एरिया में शिविर की व्यवस्था की है। इन शिविरों में लोगों को खाना, पीने का पानी और मेडिकल की सुविधा दी जा रही है। प्रशासन की ओर से 58 नावें, 675 लाइफ जैकेट, 24 जनरेटर और लाखों सैंड बैग की सुविधा रखी गई है, ताकि हालातों पर समय रहते काबू पाया जा सके। दिल्ली प्रशासन ने आपात की स्थिति से निपटने के लिए फ्लड रिस्पांस एक्शन प्लान लागू कर दिया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रेनों की गति को कम कर दिया गया है। सभी प्रभावित इलाकों में अभियान जारी है। इसके अलावा IMD ने अगले 48 घंटों के लिए बारिश की चेतावनी दी है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News