Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ का प्रकोप, दो दिन से लापता शख्स की मिली लाश

Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ के पानी में डूबने के कारण एक युवक की मौत हो गई है। युवक ओमबीर दो दिनों से लापता था। उसे ढूंढने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। दो दिनों के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया है।

Updated On 2025-09-05 17:06:00 IST

बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत।

Delhi Flood: दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। यमुना के किनारे बसे गांवों में खेत-खलिहान, घर आदि सब डूब रहे हैं। वहीं अब लोगों की जान पर बन आई है। बाढ़ के कारण दिल्ली में एक शख्स की मौत हो गई है। काफी तलाशी के बाद दो दिन बाद शुक्रवार को शख्स ओमबीर की लाश बरामद कर ली गई।

पुलिस ने बताया कि 3 सितंबर को एक फोन कॉल के जरिए गढ़ी मेंडू गांव में एक शख्स के डूबने की आशंका की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि ओमबीर नाम के शख्स को सुबह लगभग 8.30 बजे पुस्ते की तरफ से गांव की तरफ आते हुए देखा गया था। इसके बाद से वो लापता है। लोगों ने उसे आते हुए तो देखा था, लेकिन किसी को डूबते हुए नहीं देखा।

इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ ही डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी और नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया। सुबह से शाम और शाम से अगला दिन हो गया, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे एक बार फिर पुलिस टीम ने बचावकर्मियों के साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ओमबीर का शव बरामद कर लिया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया है।

बता दें कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के कई इलाके बाढ़ की मार झेल रहे हैं। पिछले सप्ताह भारी बारिश के बाद हरियाणा से यमुना में काफी पानी छोड़ा गया है। यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण केवल दिल्ली ही नहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के कई इलाकों में भी बाढ़ जैसे हालात हैं। वहीं यमुना नदी के पास रहने वाले हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ रहा है। वे राहत कैंपों में रहने को मजबूर हैं।

Tags:    

Similar News