Devendra Yadav: दिल्ली उपचुनाव की तैयारी में कांग्रेस, देवेंद्र यादव ने बताईं तैयारियां

Devendra Yadav: दिल्ला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव का कहना है कि कांग्रेस दिल्ली निगम उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। अगर बीजेपी वोट चोरी न करे, तो कांग्रेस सभी 12 वार्डों में जीत हासिल करेगी।

Updated On 2025-10-11 15:43:00 IST

कांग3ेस नेता देवेंद्र यादव।

Devendra Yadav: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में 12 वार्डों पर होने वाले निगम उपचुनावों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में 5 सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी, 12 ऑब्जर्वर और संबंधित वार्डों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। इस बैठक में र्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, पूर्व विधायक हरी शंकर गुप्ता समेत कई नेता भी मौजूद रहे।

बैठक में देवेंद्र यादव ने कहा कि अगर दिल्ली राज्य चुनाव आयोग निगम उपचुनाव जल्दी कराता है, तो इसके लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी की वोट चोरी पर लगाम लग जाती है, तो कांग्रेस सभी 12 वार्डों पर जीत जाएगी।

उन्होंने कहा कि वो राहुल गांधी के संघर्ष से काफी प्रेरित हैं। इसके लिए वे संवैधानिक अधिकारों की चोरी करने वालों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बीते 8 महीनों में लोगों से किए एक भी वादे पूरे नहीं किए। आम आदमी पार्टी दिल्ली की राजनीति से विलुप्त होती नजर आ रही है। इसके कारण दिल्ली की जनता कांग्रेस को एक विकल्प के रूप में देख रही है।

कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में दिल्ली की सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है। इन्होंने कूड़े के पहाड़ों को कम करने का दावा किया था, जो पूरा नहीं हो पाया। सड़कों, गलियों और कॉलोनियों में आज भी गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। जगह-जगह पर जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना होता है। बीजेपी ने दिल्ली सरकार और निगम दोनों पर कब्जा कर लिया है। इसके बावजूद आम लोगों की जिंदगी में कोई सुधार नहीं हुआ है। दिल्लीवासी निगम उपचुनाव में झूठे वादों और खोखले दावों का जवाब देगी।

देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जीत का लक्ष्य लेकर मैदान में उतर चुकी है। पार्टी ने प्रत्येक वार्ड में मजबूत उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि भले हा बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर सरकार बनाई हो लेकिन लोग अब कांग्रेस की चर्चा कर रहे हैं। कार्यकर्ता मजबूती से अपना पक्ष रखें, तो उपचुनावों में कांग्रेस की जीत पक्की है।

Tags:    

Similar News