Delhi Yamuna: दिल्ली कांग्रेस ने 'भिक्षु बाबा' से की यमुना शुद्धिकरण पर चर्चा, मिले अहम सुझाव!

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भिक्षु बाबा रविशंकर तिवारी को कार्यालय में बुलाकर उनका स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान यमुना शुद्धिकरण पर विस्तार से चर्चा हुई। जानिये कौन हैं यमुना भिक्षु बाबा...

Updated On 2025-08-22 17:35:00 IST

दिल्ली कांग्रेस के पदाधिकारी यमुना भिक्षु बाबा को भिक्षा देते हुए। 

यमुना शुद्धिकरण के लिए यमुना भिक्षु बाबा रविशंकर तिवारी भिक्षा मांग रहे हैं। वे गली-मोहल्ले और बाजारों में जाकर लोगों को यमुना स्वच्छ के लिए प्रेरित कर रहे हैं बल्कि यमुना की सफाई के लिए भिक्षा भी मांग रहे हैं। आज दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भिक्षु बाबा रविशंकर तिवारी को कार्यालय में बुलाकर उनका स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान यमुना शद्धिकरण पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान यमुना भिक्षु ने बताया कि तीन नवंबर को यमुनोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी को इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आमंत्रण दिया। देवेंद्र यादव समेत तमाम कांग्रेसियों ने कहा कि वे इस कार्यक्रम में अवश्य शिरकत करेंगे। साथ ही, लोगों को भी स्वच्छ यमुना अभियान के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

यमुना प्रदूषण दिल्ली की सियासत का अहम मुद्दा

यमुना प्रदूषण दिल्ली की सियासत का अहम मुद्दा रहा है। पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी स्वीकारा था कि वे यमुना को स्वच्छ रखने के कार्य में विफल रहे हैं, लेकिन दोबारा सरकार बनी तो इस कार्य को प्राथमिकता से करेंगे। लेकिन, दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार की जगह भाजपा की सरकार बन गई।

दिल्ली भाजपा सरकार बनते ही यमुना को स्वच्छ करने के लिए बड़ी मशीनें दिखनी लगी थी। साथ ही, यमुना में जुड़ने वाले गंदे नालों को लेकर भी एक्शन लिया गया। इस कड़ी में जहां सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने का कार्य चल रहा है, वहीं गंदा पानी छोड़ने वाली इकाइयों पर भी नकेल कसी जा रही है। एक अधिकारी ने दावा किया था कि यमुना को स्वच्छ करने के लिए 9000 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।

यमुना की सफाई के मुद्दे को कांग्रेस भी नहीं छोड़ना चाहती है। यही कारण है कि दिल्ली कांग्रेस ने यमुना भिक्षु बाबा को सम्मान देकर स्वच्छ यमुना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाने का प्रयास किया है। 

Similar News