CM Rekha Gupta Attacked: जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की सीएम पर हमला... मची अफरातफरी, हमलावर गिरफ्तार

CM Rekha Gupta Attacked: सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमला हो गया।

Updated On 2025-08-20 14:56:00 IST

जनसुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हमला।

CM Rekha Gupta Attacked: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमले का मामला सामने आया है। बुधवार को जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने सीएम पर अचानक से हमला कर दिया। दरअसल, बुधवार को सीएम रेखा गुप्ता सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई कर रही थी। इसी दौरान यह घटना हुई। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने हमला करने वाले शख्स को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी तक हमले के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है।

लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा ने सीएम पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि दिल्ली को एक ऐसी मुख्यमंत्री मिली है जो हर दिन अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही है। वे इस दौरान रोजाना 1000-2000 लोगों से मिलती हैं। आज जो हुआ वह बेहद निंदनीय है। हमने सीएम से मुलाकात की। वो इस हमले से घायल हो गईं। आज सुबह वो आया और उसने सीएम पर हमला कर दिया। सीएम के हाथ, कंधे और सिर में चोटें हैं। डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। 

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सीएम रेखा की हालत स्थिर है। हमलावर पिछले 24 घंटों से रेकी कर रहा था। वह उनके शालीमार बाग स्थित आवास पर भी गया था। उसने वहां वीडियो भी शूट किया था। इससे साफ है कि वह हमला करने के इरादे से आया था। उसके हाथ में कोई जनसुनवाई के कागजात नहीं थे। उसके फोन पर कल के वीडियो पाए गए। दिल्ली की सीएम शेर की तरह काम करती रहेंगी।

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि ये कोई साधारण हमला नहीं है। यह गहरी नफरत से भरा हमला है। ऐसा लगता है कि वह आदमी सचमुच बुरे इरादे से आया था। हमने दिल्ली की राजनीति में ऐसा हमला कभी नहीं देखा। उस आदमी ने पहले रेकी की फिर वीडियो शूट की और फिर साजिश रची। ऐसे हमले को अंजाम देने के लिए वो अकेला नहीं हो सकता। इसमें और लोग भी शामिल होंगे। दिल्ली पुलिस जांच कर रही है।

 वहीं दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता अपने आगे के कार्यक्रमों में जरूर जाएंगी। 

दिल्ली बीजेपी विधायक सतीश उपाध्याय ने सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले को निंदनीय बताया और कहा कि सीएम के विकास कार्य को कोई रोक नहीं सकता। इस हमले को जनता और एजेंसियां माफ नहीं करेंगी।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को सीएम रेखा गुप्ता हमेशा की तरह जनता से बात कर रही थीं। इस दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया, कुछ कागज दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें अपनी ओर खींचने लगा। संभवतः इस दौरान मेज या कुर्सी का कोना सिर में लग गया। सचदेवा ने कहा कि इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई। उन्होंने बताया कि लोगों ने हमला करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया। पुलिस अभी जांच कर रही है कि आरोपी कौन है और उसका क्या मकसद था?

वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा कि सीएम रेखा गुप्ता की हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। उन्होंने कहा कि सीएम एक मजबूत महिला हैं... ऐसा लगता है कि उनके सिर पर हल्की चोट लगी है। इस दौरान वीरेंद्र सचदेवा ने थप्पड़ या पत्थरबाजी की कहानियों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं। सीएम अभी आराम कर रही हैं, लेकिन उन्होंने कहा है कि वह अपने कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगी।

दावा किया जा रहा है कि साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता के ऊपर एक भारी वस्तु फेंकी गई, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गईं। हालांकि पार्टी ने इसका खंडन किया है। अभी उन्हें चिकित्सा निगरानी में रखा गया है। दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं।

कांग्रेस ने भी की हमले की निंदा

दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि सीएम पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती है। ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। देवेंद्र यादव ने आगे कहा कि यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?

क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी?

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री आवास में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब यह घटना हुई, उस दौरान सीएम रेखा गुप्ता कार्यक्रम सुन रही थीं। पीछे से शोर सुनाई दिया, लेकिन जब पीछे मुड़कर देखा, तो पुलिस हमलावर को पकड़कर ले जा चुकी थी।

'लोकतंत्र में हिंसा की जगह नहीं'

दिल्ली नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने 'एक्स' पर लिखा कि सीएम रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। आतिशी ने आगे लिखा कि उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Tags:    

Similar News