Delhi Assembly: 4 अगस्त से दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र होगा शुरू! विधायकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

Delhi Assembly Monsoon Session: दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र 4 अगस्त से शुरू होने की संभावना है। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि ये सत्र पेपरलेस हो सकता है। इसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं।

Updated On 2025-07-22 13:37:00 IST

दिल्ली विधानसभा मानसून सत्र।

Delhi Assembly Monsoon Session: दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र 4 अगस्त से शुरू हो सकता है। ये सत्र मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार का विधानसभा में तीसरा सत्र होगा। पिछला बजट सत्र था, जो 24 मार्च से 2 अप्रैल तक चला। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) दिल्ली का वार्षिक बजट पेश किया था।

वहीं मानसून सत्र से पहले विधायकों को डिजिटल विधायी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विधायकों को राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन ( नेवा ) प्रशिक्षण केंद्र प्रशिक्षण दे रहा है। नेवा प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने किया।

इसको लेकर उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि डिजिटल विधायी प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए नेवा प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसके तहत 21 से 23 जुलाई 2025 के बीच तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत दिल्ली के विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे आगामी मानसून सत्र में विधायक प्रभावी ढंग से भाग ले सकेंगे। एक्स पोस्ट में उन्होंने बताया कि ये प्रशिक्षण संसदीय कार्य मंत्रालय के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा।

बता दें कि काफी समय से दिल्ली विधानसभा को पेपरलेस बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। जब दिल्ली में बीजेपी की सरकार ने कार्यभार संभाला था, तो उन्होंने पूर्व आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि पूर्व सरकार ने अब तक विधानसभा का कार्यवाही को पेपरलेस नहीं किया है। हम विधानसभा की कार्यवाही पेपरलेस करना चाहते हैं, ताकि लोगों को एक ही पोर्टल पर सभी जानकारियां और कार्यवाही के बारे में पता चल सके।

इसी दिशा में नेवा प्रशिक्षण केंद्र की तरफ से विधायकों को पेपरलेस काम करने के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और विधायकों की तैयारियां देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र पेपरलेस हो सकता है। 

Tags:    

Similar News