Delhi Water Supply: दिल्ली में पानी की किल्लत होगी दूर, शहर की प्यास बुझाएंगे 3 नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट

Delhi Water Supply: दिल्ली में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए 3 नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। ये प्लांट नरेला, नजफगढ़ और छतरपुर इलाके में बनेंगे।

Updated On 2025-06-08 17:19:00 IST

दिल्ली में बनेंगे 3 नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट

New Water Treatment Plant: दिल्ली सरकार ने शहर में पानी की समस्या को दूर करने के लिए अहम फैसला लिया है। दिल्लीवासियों के लिए पानी को पर्याप्त सप्लाई के लिए 3 नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) बनाने की योजना को मंजूरी दी गई है। ये वाटर ट्रीटमेंट प्लांट दिल्ली में 3 अलग-अलग इलाकों में बनाए जाएंगे। इनमें से पहला WTP नरेला के पास इरादतनगर, दूसरा साउथ-वेस्ट दिल्ली के नजफगढ़ और तीसरा साउथ दिल्ली के छतरपुर में बनाया जाएगा।

इन 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से हर रोज 235 MGD यानी मिलियन गैलन/दिन पानी मिलेगा, जिससे दिल्ली के लोगों को काफी राहत मिलेगी। जानकारी के मुताबिक, इन प्लांटों के लिए पड़ोसी राज्यों से कच्चा पानी लाया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड के किशाऊ और लखवार डैम के अलावा हिमाचल प्रदेश के रेणुका डैम से पानी मिलेगा। बताया जा रहा है कि ये पानी यमुना नदी के जरिए दिल्ली में पहुंचेगा, जिसे शुद्ध करने के बाद डिस्ट्रीब्यूट किया जाएगा।

दिल्ली जल बोर्ड ने दिए 230 करोड़ रुपए
इस प्रोजेक्ट के लिए दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने संबंधित एजेंसियों को 230.73 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है। इससे जल्द ही इस प्रोजेक्ट का काम शुरू किया जा सकेगा। इसके अलावा बाद में बची हुई राशि का भुगतान भी कर दिया जाएगा।

बता दें कि दिल्ली में 2.5 करोड़ से ज्यादा कुल आबादी है। वहीं, मौजूदा समय में रोजाना पानी की डिमांड 1,100 MGD से ज्यादा है, जबकि दिल्ली जल बोर्ड सिर्फ 930 MGD पानी की सप्लाई कर पा रहा है। ऐसे में 3 नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद 235 MGD पानी और मिलेगा, जिससे दिल्ली में पानी की सप्लाई बढ़कर 1,165 MGD से ज्यादा हो जाएगी। इससे शहर में पानी की किल्लत दूर हो जाएगी।

यहां से आएगा कच्चा पानी
दिल्ली के नरेला, छतरपुर और नजफगढ़ इलाकों में अक्सर पानी सप्लाई की समस्या देखने को मिलती है। ऐसे में इन इलाकों में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद यहां के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। बताया जा रहा है कि इन तीनों प्लांट को पानी देने के लिए पानी हिमाचल प्रदेश में गिरी नदी पर 148 मीटर ऊंचा डैम बनाया जा रहा है। इस डैम से 275 MGD कच्चा पानी मिलेगा।

इसके अलावा उत्तराखंड में यमुना नदी पर बन रहे लखवार डैम से 135 MGD मिलेगा। साथ ही टोंस नदी पर बन रहे किशाऊ डैम से 372 MGD पानी लाया जाएगा। इससे दिल्ली को कुल मिलाकर तीनों डैम से 782 MGD पानी मिलेगा।

कब तक पूरा होगा काम?
अधिकारियों की मानें, तो इन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को मॉडर्न तकनीकों का इस्तेमाल करके बनाया जाएगा। इनका निर्माण कार्य इस साल के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा। इस योजना को साल 2027 तक पूरा करने का टारगेट रखा गया है।

Tags:    

Similar News