CM Rekha Gupta: 'भारतीयों को मानसिकता बदलने की जरूरत', यातायात नियमों के लिए सीएम की नसीहत
CM Rekha Gupta: सीएम रेखा गुप्ता दिल्ली के वायु प्रदूषण के लिए वाहन नीति 2.0 लाने की योजना बना रही हैं। इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।
CM Rekha Gupta: सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार एक नए मॉडल इलेक्ट्रिक वाहन पॉलिसी (EV Policy) पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि साल 2026 के अंत तक दिल्ली में सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट के वाहन इलेक्ट्रिक हो जाएंगे। साथ ही उन्होंने लोगों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की भी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि देश में दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसके लिए वाहन नहीं बल्कि वाहन चालक जिम्मेदार हैं।
बता दें कि गुरुवार को सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की तरफ से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान सीएम रेखा ने कहा कि हर मिनट और हर घंटे दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके लिए वाहन नहीं, बल्कि वाहन चालक जिम्मेदार हैं। भारतीयों को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है। बहुत से लोग सीट बेल्ट न पहनकर वाहन चलाना बहुत गर्व की बात समझते हैं, लेकिन ये गलत है। यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। अगर आपको विदेश में यातायात नियम तोड़ने में डर लगता है, तो आपको यहां भी नियम नहीं तोड़ने चाहिए।
सीएम रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वो ट्रैफिक नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सरकार की खातिर नहीं बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। इस कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में कूड़े के पहाड़, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण जैसी समस्याओं को स्वीकार किया। साथ ही दिल्ली की जनता को आश्वासन दिया कि सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रही है।
सीएम ने कहा कि हम आपको बेहतरीन बाजार दे सकते हैं, ताकि आप दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहन ला सकें और लोग इन्हें खरीद सकें। उन्होंने लोगों को बताया कि दिल्ली सरकार साल 2026 तक अपने सार्वजनिक परिवहन बेड़े में पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर तीसरा वाहन इलेक्ट्रिक होना चाहिए। इसके लिए इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2.0 लाई जाएगी। इन सभी का एक ही उद्देश्य है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।