Delhi Flood: दिल्ली में बढ़ा यमुना जल स्तर, सीएम बोलीं- 'घबराने की जरूरत नहीं, हम तैयार हैं'

Delhi Flood: दिल्ली में यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ा हुआ है। इसको लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि हम बाढ़ जैसी स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है।

Updated On 2025-09-01 19:20:00 IST

दिल्ली में बाढ़ पर बोलीं सीएम रेखा गुप्ता।

Delhi Flood: दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है। हालांकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण दिल्ली खतरे में नहीं है। अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं और हम पूरी तरह से तैयार हैं। सीएम ने कहै कि जितना पानी आएगा, वो निकाल दिया जाएगा। पिछले 6 महीनों में नालों से गाद निकाल दी गई है, जिसके कारण अब पानी निकालने में कोई परेशानी नहीं होगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यहां तक पानी पहुंचने में लगभग 72 घंटों का समय लगता है। हम बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। जितना पानी दिल्ली के अंदर आएगा, उसे निकाल दिया जाएगा। पिछले 6 महीनों में नालों से गाद निकालने का काम किया गया है। ऐसे में अब कोई रुकावट नहीं है। सीएम ने कहा कि यमुना में बढ़ते जलस्तर के कारण डूब क्षेत्र प्रभावित होंगे। उसी क्षेत्र तक बाढ़ सीमित रहेगी।

इसी तरह दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि सभी क्षेत्रीय अधिकारी, जिला प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर है। डूब क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। डूब क्षेत्रों में 24 घंटे गश्त की जा रही है। रेगुलेटर और पंपों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के बढ़ते जलस्तर पर कड़ी नजर रख रही है। साथ ही उन्होंने प्रभावित इलाकों के लोगों से सतर्क रहने और अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की है।

बता दें कि सोमवार को हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए गए। सुबह 7 बजे से 12 बजे के बीच लगभग 12 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है। इसके कारण यमुना नदी का जलस्तर दोगुनी तेजी से बढ़ रहा है। इसके कारण यमुना के डूब क्षेत्र और नजदीकी गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सरकार ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट भी जारी किया है। फिलहाल यमुना नदी का जलस्तर खतरे से नीचे है लेकिन आशंका है कि मंगलवार शाम तक ये खतरे के निशान को पार कर सकती है।

Tags:    

Similar News