Corporation Standing Committee election: निगम स्थायी समिति के चुनाव में भाजपा की जीत, सत्या शर्मा ने हेमा को 35 वोटों से दी मात

निगम स्थायी समिति के रिक्त पद के चुनाव में भाजपा की जीत हुई। बीजेपी प्रत्याशी सत्या शर्मा ने आप की हेमा को 35 वोटों से हराया। राजा इकबाल सिंह ने सत्या शर्मा की जीत पर उन्हें बधाई दी।

Updated On 2025-06-04 11:00:00 IST

दया राम/न‌ईदिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय सिविक सेंटर में मंगलवार को आयोजित सदन की बैठक में स्थायी समिति में एक रिक्त स्थान के लिए हुए चुनाव में भाजपा की सत्या शर्मा ने जीत हासिल की है। सत्या शर्मा ने आम आदमी पार्टी की अपनी प्रतिद्वंदी हेमा को 35 वोटों से हराया। सत्या शर्मा को 130 वोट हासिल हुए वहीं हेमा ने 95 वोट प्राप्त किये।

महापौर इकबाल सिंह ने दी शुभकामनाएं

निगम से मिली जानकारी के अनुसार स्थायी समिति के लिए सदन से एक सदस्य के चुनाव में कुल 227 वोट डाले गए और 2 वोट अवैध घोषित किये गए। चुनाव परिणाम आने के बाद दिल्ली नगर निगम के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने सत्या शर्मा को बधाई दी और कहा कि उनका राजनीति में लम्बा अनुभव है, जिसका निगम को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। महापौर सिंह ने हेमा को कड़ा मुकाबला देने के लिए शुभकामनाएं दी। बता दें कि सत्या शर्मा वार्ड संख्या 226, गौतमपुरी से पार्षद है। वहीं हेमा, वार्ड संख्या 184 जैतपुर से पार्षद है।

स्थायी समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर 12 जून को चुनाव

वहीं, स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए भी दिल्ली नगर निगम ने अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार गुरुवार, 12 जून, 2025 को सिविक सेंटर में उक्त पदों के लिए चुनाव निर्धारित किए गए हैं। निगम के अनुसार डीएमसी अधिनियम में प्रावधान है कि स्थायी समिति प्रत्येक वर्ष अपनी पहली बैठक में अपने सदस्यों में से एक (जो पार्षद हैं) को अध्यक्ष तथा दूसरे सदस्य को उपाध्यक्ष चुनेगी। ऐसे चुनाव के लिए स्थायी समिति की पहली बैठक आयुक्त द्वारा दिल्ली नगर निगम प्रक्रिया एवं कार्य संचालन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होंगे।

शुक्रवार, 6 जून, 2025 तक आवेदन पत्र होंगे दाखिल

स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव लड़ने के इच्छुक किसी भी सदस्य को नामांकन पत्र दाखिल करना होगा, जिसे नगर सचिव के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। भरे गए नामांकन पत्र निगम सचिव द्वारा सभी कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच नामांकन प्राप्ति की अंतिम तिथि तक प्राप्त किए जाएंगे, जो शुक्रवार, 6 जून, 2025 निर्धारित की गई है। कोई भी उम्मीदवार बैठक के दौरान चुनाव शुरू होने से पहले किसी भी समय अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकता है।

Tags:    

Similar News