AAP का पलटवार: 'भाजपा बना रही कूड़े का चौथा पहाड़', MCD के नेता विपक्ष ने लगाया आरोप
दिल्ली बीजेपी कूड़े के पहाड़ों को लेकर आम आदमी पार्टी को घेरती थी। अब आम आदमी पार्टी ने इसी मुद्दे पर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। पढ़िये सियासी घमासान...
एमसीडी में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने कूड़े के पहाड़ों को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना।
दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को लेकर आम आदमी पार्टी को घेरने वाली दिल्ली बीजेपी पर भी आरोप लग रहे हैं। अरविंद केजरीवाल की पार्टी का आरोप है कि दिल्ली बीजेपी कूड़े के पहाड़ों को कम करने की बजाए चौथा नया पहाड़ बना रही है। दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने इस मुद्दे को सदन के भीतर उठाने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि हमें पता चला कि मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास कूड़े का पहाड़ बनाया जा रहा है। आज हम सभी इस पहाड़ का मुआयना करने पहुंचे हैं। हमने दिल्ली जल बोर्ड की दो गाड़ियों को सिल्ट फेंकते रंगे हाथों पकड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली को भारत का सुंदर शहर बनाने का दावा किया था।
उन्होंने कूड़ा दिखाते हुए कहा कि क्या यह भाजपा का सौंदर्यीकरण है। उन्होंने कहा कि हम आम आदमी पार्टी के लोग यहां आए हैं। हम इस मुद्दे को सदन के भीतर उठाएंगे। उन्होंने कहा कि बारिश आने वाली है। यहां मक्खी मच्छर पनपने से मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा होगा। उन्होंने कहा कि कूड़े से उठने वाली बदबू भी आसपास के लोगों को परेशान करेगी।
केजरीवाल चाहते थे यहां पार्क बनाना
आप नेता अंकुश नारंग ने एक सवाल के जवाब में कहा कि दिल्ली नगर निगम इस जमीन पर अवैध कब्जा नहीं करेगी, लेकिन महापौर या चेयरमैन के कहने पर कब्जा भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह जमीन तीन विधानसभा आकाश नगर, बुराड़ी और बादली से जुड़ी है। इस वजह से अरविंद केजरीवाल यहां पर पार्क बनाना चाहते थे, लेकिन भाजपा ने हैरिटेज बना दिया कूड़े का। उन्होंने कहा कि यह सीएम कूड़ा योजना है।
दावा- 2028 तक कूड़े के पहाड़ नहीं रहेंगे
जून 2025 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम ने दावा किया था कि 2028 तक राजधानी के सभी कूड़े के पहाड़ों का सफाया कर दिया जाएगा। एमसीडी ने यह भी दावा किया कि 2028 के बाद कूड़े इकट्ठा ही नहीं होगा क्योंकि जितना कूड़ा उत्पन्न होगा, उसके निस्तारण की क्षमता अधिक होगी। अब देखना होगा कि एमसीडी का यह दावा हकीकत में बदलता है या अधूरा रहता है।
दिल्ली में रोजाना कितना कूड़ा उत्पन्न हो रहा
एमसीडी के क्षेत्रों से प्रतिदिन 11000 टन
एनडीएमसी के क्षेत्रों से रोजाना 300 टन
दिल्ली से कुल 11300 टन कूड़ा रोजाना निकल रहा
निस्तारित किया जा रहा 8010 टन