वोट चोरी का मुद्दा: भाजपा सांसद ने राहुल गांधी की मानसिकता पर उठाया सवाल, सियासत भड़की
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया है, जिसके बाद से सियासत तेज है। इस बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ऐसा बयान दे दिया है, जिससे सियासी बवाल मचना लाजमी है।
Rahul Gandhi
वोट चोरी के मुद्दे को लेकर सियासत गरमाई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया है, तब से पूरा विपक्ष एकजुट होकर कांग्रेस का समर्थन कर रहा है। दिल्ली कांग्रेस से चिढ़ी आम आदमी पार्टी भी राहुल गांधी के आरोपों को सही ठहरा रहे हैं। आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी आज वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। आरोप-प्रत्यारोप के इस सियासी घमासान के बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ऐसा बयान दे दिया है, जिससे सियासत का भड़कना लाजमी है।
मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने अलंद में वोट चोरी का आरोप लगाया है। उस वक्त मैं अलंद में पार्टी का चुनाव प्रभारी था। उन्होंने कहा कि यह सीट ऐसी थी, जिस पर कांग्रेस कभी जीती नहीं थी। हमें लगा कि हम जीत जाएंगे, लेकिन कांग्रेस जीत गई। अगर वोट चोरी वास्तव में हुई है, तो कांग्रेस को चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहिए क्योंकि आजादी के बाद से पहली बार कांग्रेस ने यह सीट जीती है।
राहुल गांधी की मानसिकता पर सवाल उठाया
निशिकांत दुबे ने आगे कहा कि पीएम मोदी एक गरीब परिवार से आते हैं। वहीं विपक्ष के नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये सभी अभिजात्य वर्ग और उच्च समाज, भाई भतीजावादी लोग हैं, जो कि गांव से आने वाले व्यक्तियों से संबंध तक नहीं बना पाते हैं। वे पीएम का सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जितनी नीच मानसिकता वाला विपक्ष का नेता कभी नहीं हुआ। वे सोरोस फाउंडेशन के साथ मिलकर देश को टुकड़ों में बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू ने तो देश के दो हिस्से बांटे थे, लेकिन राहुल गांधी देश को 10 हिस्सों में बांटना चाहते हैं।
केजरीवाल समेत पूरे विपक्ष को घेरा
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल समेत पूरे विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश, स्टालिन, ममता, लालू प्रसाद या तेजस्वी यादव, देश छोड़ते नजर आएंगे। नीचे पढ़िये उनका पूरा बयान...
कांग्रेस सांसद बोले- चुनाव आयोग का मनोबल टूटेगा
इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी का मामला उठाया तो पहले चुनाव आयोग ने उन्हें धमकियां दीं। इस बार कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि अगली प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग का सारा मनोबल टूट जाएगा और मान लेगा कि वह वोट चोरी में सरकार की मदद कर रहा है।
आप ने भी राहुल के बयानों का किया समर्थन
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी राहुल गांधी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले यह मुद्दा सबूतों के साथ उठाया था, लेकिन चुनाव आयोग ने मामले की जांच नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बड़ी पार्टी है, इसलिए इस वोट चोरी के मुद्दे से पूरा देश वाकिफ हो जाएगा। उन्होंने आज भी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें चुनाव आयोग पर निशाना साधा जाएगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।