Ghaziabad News: अंधेरे से मुक्त होंगी गाजियाबाद की सड़कें, लगाई जाएंगी 40 हजार स्ट्रीट लाइटें
Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर में डार्क स्पॉट्स की पहचान करके और खराब हो चुकी स्ट्रीट लाइट्स को हटाकर वहां पर नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। अलग-अलग जोन में कुल 40 हजार लाइट्स लगाने की योजना है।
गाजियाबाद में लगाई जाएंगी स्ट्रीट लाइट्स।
Ghaziabad News: गाजियाबाद को जगमग करने के लिए 40000 नई स्ट्रीट लाइट्स लगाने की योजना बनाई जा रही है। बता दें कि गाजियाबाद शहर में अंधेरे को दूर करने के लिए प्रकाश व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है। इसके तहत 40,000 नई स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। गाजियाबाद नगर निगम का प्रकाश विभाग राज्य स्मार्ट सिटी योजना में इसकी डीपीआर यानी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बना रहा है।
बता दें कि नगर निगम क्षेत्र में 5 जोन हैं। इसमें सिटी जोन, कवि नगर, मोहन नगर, वसुंधरा और विजयनगर हैं। इन जोन्स में लगभग 60,000 स्ट्रीट लाइट्स पहले से लगी हुई हैं। हालांकि बारिश और अन्य कारणों से इनमें से काफी लाइट खराब हो चुकी हैं। जिसके कारण पार्षद और स्थानीय लोग नगर निगम से प्रकाश व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोग और पार्षद आए दिन स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत कर रहे हैं। यह मामला बोर्ड की बैठक में भी कई बार उठाया जा चुका है, जिसे लेकर काफी हंगामा भी हो चुका है। इसमें सुधार के लिए प्रकाश विभाग ने योजना तैयार की है।
इसके लिए राज्य स्मार्ट सिटी के तहत निगम के पांचों जोन में लगभग 40,000 नई लाइट लगाई जाएंगी। इसकी डीपीआर तैयार कर ली गई है। अब इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।
वहीं दूसरी तरफ नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक पांचो जोन में सर्वे करा रहे हैं। सर्वे में उन लाइटों की पहचान की जा रही है, जिनकी समय सीमा पूरी हो चुकी है या वह खराब हो चुकी हैं। इन पुरानी लाइटों को हटवाकर उनकी जगह पर नई लाइट लगवाई जाएंगी।
साथ ही नगर निगम ने उन जगहों को भी चिन्हित कर लिया है, जहां पर अंधेरा रहता है। बता दें कि अंधेरे वाली जगह पर लूटपाट और छेड़छाड़ की कई घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में 40000 नई लाइट लगने के बाद प्रकाश व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही इन स्थानों पर वारदात में भी कमी आने की संभावना है।
बता दें कि गाजियाबाद नगर निगम ने साढ़े तीन साल पहले सोडियम लाइट को हटाकर उनकी जगह पर एलईडी लाइट लगवाई थी। इस दौरान सिटी जोन में 9971 एलईडी लाइट लगाई गई थी। मोहन नगर जोन में 1082 एलइडी लाइट्स लगाई गई थी। वहीं कवि नगर इलाके में 12845 स्लाइड्स लगाई गई थी। वसुंधरा जोन में 10408 एलईडी लाइट लगाई गई थी। वहीं विजयनगर जोन में 6908 एलइडी लाइट्स लगाई गई थी। हालांकि बारिश के बाद काफी लाइट खराब हो गई हैं, जिसके कारण पार्षद और स्थानीय लोग नई लाइट्स लगवाने की मांग कर रहे हैं।