अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए सांसद महेश कश्यप, दिया नशामुक्त और नक्सलमुक्त भारत का संकल्प

सुकमा में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लिए।

Updated On 2025-06-21 17:50:00 IST

योगाभ्यास में शामिल हुए सांसद महेश कश्यप 

लीलाधर राठी - सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में नगरवासियों ने एक साथ योगाभ्यास किया। ज्ञानोदय आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल कुम्हाररास कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र बस्तर के सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लिए। उन्होंने विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया।

इस दौरान महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका शोरी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी किरण चव्हाण, डीएफओ अक्षय भोंसले कार्यक्रम में भाग लेकर योगासन एवं प्राणायाम की विभिन्न मुद्राओं का एक साथ सामूहिक अभ्यास किया।


पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों से लोग समझ रहे योग का महत्त्व
योगाभ्यास के उपरांत मुख्य अतिथि सांसद महेश कश्यप ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, योग एवं अध्यात्म की भारत की प्राचीन परम्परा को सम्पूर्ण विश्व ने अपनाया है। इसे वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाने का श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से पूरा विश्व योग की महत्ता को समझते हुए 21 जून को योग दिवस मनाता है। योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। जो तन, मन और आत्मा का संतुलन स्थापित करता है। योग व्यक्ति को न केवल निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच भी प्रदान करता है।


सीएम साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार योग को जन-जन पहुंचाने का कार्य - सांसद कश्यप
सांसद कश्यप ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि, इसे हम दिनचर्या में शामिल करें। योग की महत्ता को पूरे विश्व में स्वीकार किया गया है। उन्होंने बताया कि, 193 देशों के मौजूदगी में 177 देशों ने योग दिवस मनाए जाने समर्थन किया। उन्होंने आगे कहा कि, योग से शारीरिक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक विकार दूर होता है और स्वस्थ जीवन के लिए योग बहुत ही आवश्यक है। वर्तमान परिवेश में व्यस्तता और समयाभाव के चलते लोगों की जीवन शैली विकृत हो चुकी है, जिससे वे विभिन्न बीमारियों का शिकार हो जाते हैं।


सांसद कश्यप ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने का दिलाए संकल्प
योग से स्वस्थ तन और मन का सकारात्मक विकास होता है तथा जिस तरह प्राचीन समय में ऋषि-मुनि अपनी आत्मशक्ति को जागृत कर अलौकिक ऊर्जा को प्राप्त करते थे, उसी तरह हम सबको उनका अनुसरण करने की आवश्यकता है। उन्होंने नक्सल मुक्त भारत अभियान के बारे में कहा कि हम मार्च 2026 तक बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं। इस दौरान सांसद कश्यप ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशा मुक्त भारत का निर्माण करने का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका शोरी और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे ने योग दिवस की उपयोगिता तथा महत्व पर प्रकाश डाला।


करवाए गए विभिन्न प्रकार के योगाभ्यास
सर्वप्रथम ज्ञानोदय विद्यालय प्रांगण में शनिवार सुबह सात बजे सभी उपस्थित अतिथियों के साथ योग प्रशिक्षक रामनारायण मिश्र के द्वारा बैठकर, खड़े होकर तथा लेटकर किए जाने वाले सूक्ष्म योग, अर्द्धचक्रासन, ताड़ासन, भुजंगासन, शशकासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, उत्तानपाद आसन, कटिचक्रासन, अर्धकटिचक्रासन, उष्ट्रासन, अर्धउष्ट्रासन, मत्स्यासन, मार्जारासन सहित विभिन्न प्रकार योग मुद्रा का अभ्यास कराया गया, साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी जैसे विभिन्न प्राणायामों का सामूहिक अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। योग कार्यक्रम के पश्चात सांसद महेश कश्यप ने स्कूल प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया।


ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, विश्वराज सिंह चौहान, सोयम मुका, दिलीप पेद्दी, लीलाधर राठी, योग शिक्षक वर्षा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर सूरज कश्यप, योग दिवस के नोडल अधिकारी उपसंचालक समाजकल्याण संजय पाण्डे, वरिष्ठ पत्रकार गण और बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News