छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें : महिला सफाईकर्मियों ने सुपरवाइजर और कांग्रेस नेता पर लगाया आरोप, जानिए क्या है पूरा मामला
दोनों बहनों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने की बात कही गई है।
भिलाई- छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर निगम में यौन शोषण का मामला सामने आया है। दो महिला कर्मियों ने सुपरवाइजर गणेश कुमार, कांग्रेस नेता रॉबिन सिंह समेत 2 और लोगों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। दो बहने और उनकी मां यहां पर सफाई का कार्य करते हैं। जानकारी मिलने पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करते हैं…
दोनों बहनों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने की बात कही गई है। सुपरवाइजर गणेश कुमार ने तो दोनों से कहा कि, उसके घर पर कोई नहीं रहता, इसलिए वहां चलकर वो अपनी मर्जी से काम कर सकती हैं। इतना ही नहीं उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात भी कही थी।
घर जाने से किया मना...फिर क्या हुआ...
दोनों बहनों ने जब गणेश के घर पर काम करने से इंकार कर दिया तो उन्हें काम से निकाल देने की धमकी दी गई थी। जब वो नहीं मानी तो वैशाली नगर जोन के सफाई कर्मियों के जोनल मधु और साहिल उन्हें परेशान करने लगे।
ऑडियो डिलीट करवाने का लगा आरोप...
महिलाओं ने बताया कि, उन्होंने मामले की शिकायत जोनल मधु और शाहिल से काफी दिन पहले की थी। उन्हें मोबाइल में रिकार्ड वो ऑडियो भी सुनाई थी। जिसमें गणेश उन्हें अश्लील बातें और घर जाने के लिए कह रहा था। मधु और शाहिल ने इस पर कोई एक्शन लेने की जगह उस ऑडियो को मोबाइल से डिलीट करवा दिया था।
दोनों झूठा आरोप लगा रही हैं...
गणेश का कहना है कि उसने उनकी मां को दूसरे जोन में भेजा था। इससे वो नाराज हो गईं है। इसलिए मुझ पर झूठे आरोप लगा रही हैं। वो अपनी मां के साथ एक जगह काम करना चाहती हैं। जब मैं नहीं माना तो झूठा आरोप लगा दिया।
फंसाने के लिए नाम लिया जा रहा...
कांग्रेस जिला सचिव रॉबिन सिंह ने बताया कि, वो उन महिलाओं जानता तक नहीं है। मेरा नाम गलत तरीके से फंसाने के लिए लिया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ शिकायत करने पहुंची महिला ने जामुल पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि, पुलिस उन्हें बार-बार बयान बदलने के लिए दबाव बना रही है।
महिला थाने में कैसे हुई बेहोश...
शिकायत करने पहुंची महिला देर रात अचानक जामुल थाने में बेहोश हो गई। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां कुछ देर इलाज के बाद वो ठीक हो गई। उसका आरोप है कि वो अपनी बहन और मां के साथ शाम को थाने पहुंची थी। तब से लेकर देर रात तक पुलिस ने शिकायत लिखने से मना कर दिया था और केस वापस लेने का दबाव बनाया था।
गणेश और रॉबिन पर FIR दर्ज...
पुलिस ने सुपरवाइजर गणेश और कांग्रेस नेता रॉबिन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। पुलिस का कहना है कि, गणेश और रॉबिन के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है।