किसानों की बढ़ी चिंता: बीज बोने के बाद 4 नमूने फेल, 25 की रिपोर्ट लंबित
खरीफ सीजन में बोए गए बीजों के लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट ने रायपुर जिले के कई किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
खेत में रोपा लगती हुई महिलाएं (फाइल फोटो)
रायपुर। खरीफ सीजन में बोए गए बीजों के लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट ने रायपुर जिले के कई किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जांच में 196 में 167 मानक एवं 4 नमूनों के बीज अमानक पाए गए हैं, वहीं 25 नमूनों की रिपोर्ट अभी लंबित है। बचे हुए नमूनों की रिपोर्ट आने पर ही पता चल पाएगा कि इनमें कितने मानक और अमानक हैं। जांच में जिन नमूनों के बीच अमानक पाए गए हैं, उस लॉट के बीज कई किसान अपने खेतों में बो चुके हैं। ऐसे में इन बीजों के अमानक मिलने से किसानों को चिंता सताने लगी है कि उनकी फसल कैसी होगी।
बीज, उर्वरक, कीटनाशक और जैव उर्वरकों की गुणवत्ता जांच में तेजी
जिले में कृषि विभाग ने बीज, उर्वरक, कीटनाशक और जैव उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच तेज कर दी है। हालांकि विभाग की जांच रिपोर्ट ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। किसानों ने जो बीज बो दिए हैं, उनमें से चार बीज जांच में फेल हो गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच में फेल हुए ऐसे बीज लॉट की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, लेकिन यह प्रतिबंध तब लगाया गया है, जब खरीफ सीजन में किसान इस बीजों की बोआई कर चुके हैं। इस मामले में अधिकारियों का यह भी तर्क है कि लैब से जांच रिपोर्ट देर से आती है। रिपोर्ट आने के बाद ही अमानक बीज की बिक्री पर रोक लगाई जा सकती है।
कीटनाशक के 25 सैंपल में 1 अमानक 14 की जांच रिपोर्ट नहीं आई
विभाग ने कीटनाशक के 25 नमूने लिए हैं। इनमें से केवल 10 नमूने मानक स्तर के मिले हैं, वहीं एक अमानक पाया गया। शेष 14 नमूनों की जांच रिपोर्ट नहीं आई है। इसी प्रकार रासायनिक उर्वरकों के 102 नमूने लिए गए हैं। इनमें 50 नमूने अमानक पाए गए हैं, वहीं जैव उर्वरकों के 20 नमूने लिए गए, जिनमें से 3 मानक स्तर के पाए गए, बाकी 17 नमूनों की रिपोर्ट अभी बाकी है।
लक्ष्य के विरुद्ध लिए गए नमूनों की जाँच रिपोर्ट
लक्ष्य | लिए गए | मानक | अमानक | लंबित | |
बीज | 220 | 196 | 167 | 4 | 25 |
कीटनाशक | 137 | 25 | 10 | 1 | 14 |
रासायनिक खाद | 224 | 102 | 50 | 0 | 52 |
जैविक खाद | 48 | 20 | 3 | 0 | 17 |
हर बार इस्तेमाल देर से आती है जांच रिपोर्ट
खरीफ हो या फिर रबी का सीजन, हर बार बीज नमूनों की जांच रिपोर्ट इनके इस्तेमाल के बाद ही आती है। किसान विभिन्न लॉट के बीज की खरीदी कर यह सोचकर उसकी बोआई करते हैं कि बीज की क्वालिटी अच्छी है और फसल भी अच्छी होगी, लेकिन जब इन बीजों की जांच रिपोर्ट आती है तो किसानों की न केवल चिंता बढ़ जाती है, बल्कि अमानक बीज की बोआई के कारण कई किसानों की फसलों पर भी प्रभाव पड़ता है। अच्छी फसल नहीं होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। यहां तक की इस नुकसान की भरपाई भी नहीं की जाती है, या यूं कहें कि नमूने लेने से लेकर जांच तक होने वाली देर के कारण किसानों को नुकसान सहन करना पड़ता है।