बस्तर में बाढ़ से मचा त्राहिमाम: 94 साल का रिकॉर्ड टूटा, 2 हजार से अधिक पीड़ितों को किया गया शिफ्ट
बस्तर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पिछले 94 साल के बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। नगर सेना और SDRF की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
बस्तर में बारिश का 94 साल का रिकॉर्ड टूटा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। इसी बीच संभाग में पिछले 94 साल के बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। बाढ़ और बारिश ने यहां त्रासदी मचा दी है। वहीं स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार राहत और बचाव अभियान चला रही है। आपदा नियंत्रण कक्ष निर्मित कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर संभाग के 4 जिले में 43 राहत शिविर बनाये गए हैं। अब तक कुल 2 हजार 196 बाढ़ पीड़ितों को राहत शिविर में शिफ्ट किया जा चूका है। वहीं नगर सेना और SDRF की टीम लगातार राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई है। बाढ़ से अब तक 5 जनहानि, 17 पशुधन हानि, 165 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। वहीं 86 मकान पूर्व रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
बाढ़ में फंसे ग्रामीण को निकाला गया बाहर
वहीं बस्तर में भारी बारिश के चलते बाढ़ का कहर जारी है। इसी बीच अंदुमपाल में 29 घण्टे से गोरली नदी में फंसे ग्रामीण को नगरसेना की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मंगलवार को नदी में अचानक पानी बढ़ गया था जिसके कारण ग्रामीण नदी के बीच पेड़ के सहारे फसा था। कलेक्टर देवेश ध्रुव के मार्गदर्शन में छिंदगढ़ तहसीलदार जनपद सीईओ की उपस्थिति में ग्रामीण का रेस्क्यू किया गया। 60 वर्षीय ग्रामीण को जिला प्रसासन और ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।