मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने शहर पहुंचे अग्रवाल: अंबिकापुर में कार्यकर्ताओं ने मनाया दीपावली जैसा जश्न
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कैबिनेट मंत्री बने अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल गुरुवार को पहली बार सरगुजा दौरे पर पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री राजेश अग्रवाल
संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कैबिनेट मंत्री बने अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल गुरुवार को पहली बार सरगुजा दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ मंत्री अग्रवाल का भव्य स्वागत किया।
सरकार द्वारा तीन विधायकों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद राजेश अग्रवाल को कैबिनेट में शामिल किया गया है। उनके मंत्री बनने की खबर से सरगुजा अंचल में खुशी की लहर दौड़ गई थी, जिसका असर उनके पहले दौरे पर साफ नजर आया। भाजपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में विभिन्न मोर्चा व प्रकोष्ठों को अलग- अलग स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी दी गई थी। मंत्री के सरगुजा प्रवेश पर सबसे पहले कोरबा-सरगुजा बॉर्डर स्थित तारा में स्वागत किया गया। इसके बाद यह सिलसिला उदयपुर, लखनपुर, मेंड़्र होते हुए अंबिकापुर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक जारी रहा।
कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजियों के साथ किया स्वागत
कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह आतिशबाजी कर और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के साथ मंत्री का अभिनंदन किया। स्वागत से अभिभूत मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता आज मेरे साथ जनता का आभार जताने निकले हैं। मैं अंबिकापुर की जनता का हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिनके आशीर्वाद से मुझे यह जिम्मेदारी मिली है।
सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का विकास हमारी प्राथमिकता
विभागीय जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर भाजपा नेता अनुराग सिंह देव सहित कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।