SIR पर भाजपा की बड़ी बैठक: राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग बोले- नकली वोटर लोकतंत्र को खोखला कर रहे, इसकी शुद्धि जरूरी
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग बड़ा बयान सामने आया है। कहा- वोटर शुद्धिकरण लोकतंत्र के लिए अमृत है।
वोटर शुद्धिकरण लोकतंत्र के लिए अमृत- राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR ) को लेकर अहम बैठक की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- वोटर शुद्धिकरण लोकतंत्र के लिए अमृत है। यह पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया है, इसमें राजनीति जैसा कुछ नहीं है। घुसपैठिए, नकली वोटर, मृत वोटर लोकतंत्र को दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं। हर 20 साल में SIR होता है, जिसका उद्देश्य फर्जी वोटरों को हटाना है।
कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही है। भारत के संविधान ने सिर्फ भारतीय नागरिकों को मत का अधिकार दिया है। जो नागरिक ही नहीं, वह देश के भावी नेतृत्व के चुनाव में कैसे हिस्सेदारी करेगा। सचिन पायलट के दौरे और SIR पर कांग्रेस की रणनीति को लेकर तरुण चुग ने कहा- चुनाव आयोग ने कांग्रेस को भी BLA-1 और BLA-2 नियुक्त करने की अनुमति दी है। जब कांग्रेस के साथ उनके विपक्षी दल झारखंड, बंगाल, हिमाचल, तमिलनाडु में जीतें तो प्रक्रिया सही, हारें तो चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। बिहार की जनता ने झूठे प्रचार और घुसपैठियों के समर्थन पर कांग्रेस को सख्त जवाब दिया है।
प्रदेश कार्य समिति में सब मिलकर करेंगे काम - किरण सिंह देव
भारत में मतदान का अधिकार सिर्फ भारतीय नागरिकों को है। किसी विदेशी को देश का नेतृत्व चुनने का अधिकार नहीं है। प्रदेश कार्य समिति में बदलाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा- प्रदेश कार्य समिति बहुत शीघ्र आ जाएगी और सभी को सम्मिलित करना है। सभी क्षेत्र वर्ग के लोग होंगे, सभी को जोड़ कर के अच्छी टीम बनेगी।
कांग्रेस जनता को गलत नॉरेटिव पेश करती है
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के दौरे को लेकर कहा- कांग्रेस गलत नॉरेटिव जनता के सामने प्रस्तुत करती है। SIR की प्रक्रियाओं का पालन करते हैं और विरोध भी करते हैं। 2003 के बाद यह काम अब चल रहा है, क्या चाहती है कांग्रेस समझ नहीं आता। जायज मतदाताओं का नाम होना चाहिए। कांग्रेस गलत नॉरेटिव जनता के सामने प्रस्तुत करती है।
पेड़ पर बच्चे को लटकाने वाली शिक्षिका पर होगी कार्यवाही
सोमवार को सूरजपुर में शिक्षिका ने छोटे बच्चे को होमवर्क नहीं करने पर पेड़ से लटकाया था। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा- कार्रवाई हो रही है, विष्णु देव साय जी की सरकार है ऐसी बातों का कोई स्थान नहीं है। बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है और सजा की दृष्टि से कार्रवाई होगी।