रायपुर पहुंचे केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान: कृषि विकास दर, पेस्टीसाइड एक्ट और मनरेगा सुधार पर दिए बड़े बयान

केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने भारत–EU समझौते, कृषि विकास दर, पेस्टीसाइड एक्ट और मनरेगा सुधारों पर महत्वपूर्ण बयान दिए।

By :  Ck Shukla
Updated On 2026-01-27 15:38:00 IST

केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज के साथ उपस्थित नेतागण

रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे डोंगरगढ़ के लिए रवाना हुए। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कृषि क्षेत्र की प्रगति, नए कानूनों, मनरेगा में सुधार और भारत–EU समझौते पर कई अहम बातें कहीं।

भारत-EU के बीच बड़ा समझौता
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और कृषि सहयोग में वृद्धि होगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का संकेत बताया और कहा कि वसुधैव कुटुंबकम् की भावना के साथ भारत विश्व विकास में योगदान दे रहा है।

भारत की कृषि विकास दर ऐतिहासिक स्तर पर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, भारत की कृषि विकास दर इस समय अभूतपूर्व है और यह गति हरित क्रांति के दौर से भी अधिक तेज है। उन्होंने बताया कि भारत चावल उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच चुका है, जो किसानों की मेहनत और केंद्र की कृषि नीतियों का परिणाम है।

नया पेस्टीसाइड और सीड एक्ट जल्द
शिवराज सिंह चौहान ने मिलावटी एवं घटिया पेस्टीसाइड पर चिंता व्यक्त की और कहा कि, इनसे संबंधित शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि, सरकार नया पेस्टीसाइड एक्ट और नया सीड एक्ट लाने पर काम कर रही है। दोनों कानूनों को और मजबूत बनाने के लिए सरकार जनता एवं विशेषज्ञों से सुझाव ले रही है। उन्होंने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत विभाग तेज गति से सुधार कर रहा है।

मनरेगा में सुधार और रोजगार गारंटी
मंत्री ने कहा कि, मनरेगा में जो कमियां थीं, उन्हें दूर किया जा रहा है और यह योजना अब ग्रामीण आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार 125 दिन की रोजगार गारंटी प्रदान कर रही है। जिसका लक्ष्य है- गरीबी मुक्त और स्वावलंबी गांव बनाना, और इसी दिशा में वीबी जीरामजी अधिनियम देशभर में लागू हो रहा है।

रायपुर एयरपोर्ट पर हुआ आत्मीय स्वागत
रायपुर पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, नवीन अग्रवाल सहित कई नेता उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News

खरोरा के पीएम श्री स्कूल में मना गणतंत्र दिवस: सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और पत्रकारों का हुआ सम्मान

खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख 30 हजार की शराब जप्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

गणतंत्र दिवस पर सद्भावना मैच: बलौदाबाजार प्रशासन एकादश ने पत्रकार इलेवन को हराया

ब्राम्हण समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक साहू: बोले- सदैव दूसरों का कल्याण, मार्गदर्शक रहा है ब्राह्मण समाज