PM मोदी के आगमन की तैयारियां: CM साय ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण, पांच कार्यक्रमों में होंगे शामिल
PM नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले CM विष्णुदेव साय ने सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि, एक नवंबर को छत्तीसगढ़ के निर्माण को 25 साल हो जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को राज्योत्सव समारोह में हिस्सा लेने रायपुर पहुंचेंगे। ऐसे में उनके आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो रहीं हैं। शुक्रवार को CM विष्णुदेव साय ने दौरे से पहले सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। 12 लोकनृत्यों के माध्यम से PM मोदी का स्वागत किया जायेगा। एयरपोर्ट से नवा रायपुर M-01 आवास तक 12 मंच बनाए गए हैं। हर मंच पर एक लोकनृत्य के माध्यम से कलाकार स्वागत करेंगे। शैला नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा की अलग- अलग मंचों से प्रस्तुति दी जाएगी। मंचों में कलाकारों के साथ BJP कार्यकर्ता PM का स्वागत करेंगे।
निरीक्षण के बाद CM विष्णुदेव साय ने कहा कि, एक नवंबर को छत्तीसगढ़ के निर्माण को 25 साल हो जाएंगे। रजत जयंती वर्ष पर प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ आएंगे। दिनभर में प्रधानमंत्री मोदी के 5 कार्यक्रम होंगे। सीएम श्री साय ने आगे कहा कि, पहले सत्य साईं अस्पताल प्रधानमंत्री मोदी जाएंगे। जहां वे अस्पताल में 2500 बच्चों से मुलाकात करेंगे और प्रजापिता ब्रह्माकुमारी के नए भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे नए विधानसभा भवन का लोकार्पण भी करेंगे। बहुत सुंदर ट्राइबल म्यूजियम बनकर तैयार है। जनजातीय समाज के 14 विद्रोह का चित्रण म्यूजियम में किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ट्राइबल म्यूजियम का भी लोकार्पण करेंगे।
PM मोदी करेंगे नए विधानसभा भवन का लोकार्पण
नए विधानसभा भवन में पक्ष- विपक्ष के विधायकों की मौजूदगी को लेकर उन्होंने कहा कि, 31 अक्टूबर की रात रायपुर में PM मोदी रात्रि विश्राम करेंगे। सभी विधायक नए विधानसभा भवन के लोकार्पण में मौजूद रहेंगे। नक्सलियों के सरेंडर के दौरान PM मोदी के दौरे पर सीएम श्री साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नक्सलवाद के खिलाफ संकल्प है। जवान मजबूती से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। पुनर्वास नीति बहुत अच्छी है, इसलिए नक्सली सरेंडर कर रहे हैं।
सीएम साय ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का भी दौरा किया और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग क्षेत्र, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आमजन के लिए बनाए गए मार्गों का निरीक्षण किया।उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए यह आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने।
सीएम साय ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएँ और सुरक्षा, स्वच्छता तथा आमजन की सुविधा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सचिव राहुल भगत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।