पुलिस अफसरों को मिला नए साल का तोहफा: राज्य पुलिस सेवा के 16 अधिकारियों को मिली पदोन्नति, देखिए सूची

राजधानी रायपुर में सीएम साय डिप्टी सीएम शर्मा की विशेष पहल से राज्य पुलिस सेवा के 16 अधिकारियों को सौगात मिली है।

Updated On 2025-12-31 14:02:00 IST

छत्तीसगढ़ पुलिस

रायपुर। वर्ष 2025 के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ के पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अनुशंसा और उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल पर राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया। इस आदेश के तहत राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 16 वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है। यह कदम पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा उठाने वाला और उत्साहवर्धक माना जा रहा है।

विभागीय पदोन्नति एवं छानबीन समिति (DPC) की अनुशंसा पर इन अधिकारियों को वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त होने के बाद उप पुलिस अधीक्षक (DSP)/सहायक सेनानी या समतुल्य रैंक से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP)/उप सेनानी या समतुल्य रैंक पर स्थानापन्न रूप से पदोन्नत किया गया है। यह पदोन्नति नए साल 2026 की शुरुआत से पहले पुलिसकर्मियों के लिए एक प्रेरणादायी तोहफा है, जो राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इनके नाम हैं शामिल

पदोन्नत अधिकारियों की सूची में शामिल नाम इस प्रकार हैं: रितेश चौधरी, जितेन्द्र कुमार खूंटे, अंजली नाग (गुप्ता), कर्ण कुमार उके, मनोज कुमार ध्रुव, पुष्पेन्द्र नायक, मनोज तिर्की, सारिका वैद्य, निधि नाग, कपिल चन्द्रा, अविनाश कुमार मिश्रा, ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी, योगेश कुमार साहू, मयंक तिवारी, रश्मीत कौर चांवला तथा अनिल कुमार विश्वकर्मा।

इनमें कई महिला अधिकारी भी शामिल हैं, जो छत्तीसगढ़ पुलिस में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करता है। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह पदोन्नति लंबे समय से प्रतीक्षारत अधिकारियों की मेहनत का फल है।

मुख्यमंत्री साय और उपमुख्यमंत्री शर्मा की यह पहल पुलिस बल को और अधिक सक्षम एवं प्रेरित बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इससे न केवल पदोन्नत अधिकारियों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि पूरे पुलिस महकमे में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

Tags:    

Similar News