'महतारी गौरव वर्ष’ की घोषणा: CM साय बोले- मातृशक्ति को मिलेगा और ज्यादा सम्मान

CM साय ने ‘अटल निर्माण वर्ष’ के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए अगले वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित किया और मातृशक्ति को नई प्राथमिकता देने की बात कही।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-12-23 15:24:00 IST

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने कार्यकाल के दो महत्वपूर्ण वर्षों- विश्वास वर्ष और अटल निर्माण वर्ष की उपलब्धियाँ साझा कीं। उन्होंने कहा कि पहला वर्ष शासन और जनता के बीच विश्वास बहाली को समर्पित था, जिसमें पारदर्शिता और संवाद के माध्यम से सरकार ने जनता का भरोसा मजबूत किया।

‘अटल निर्माण वर्ष’ में ढांचा विकास और जनकल्याण पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा के दूसरे वर्ष को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाया गया। इस अवधि में-

  • आधारभूत ढांचे का विस्तार
  • सामाजिक विकास से जुड़े निर्णय
  • और कई जनकल्याणकारी कार्य

तेजी से पूरे किए गए। इन उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड आज जनता के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जो सरकार की पारदर्शिता का प्रतीक है।

नया संकल्प-‘महतारी गौरव वर्ष’
सीएम साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति मातृशक्ति है। माताओं और बहनों के स्नेह, आशीर्वाद और समर्थन से ही शासन को कार्य करने की ऊर्जा मिलती है। इसी प्रेरणा से राज्य सरकार ने आगामी वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित किया है। इस वर्ष की प्राथमिकता होंगी-

  • महिलाओं का सम्मान
  • सुरक्षा
  • स्वास्थ्य
  • स्वावलंबन
  • सामाजिक गरिमा
  • और नेतृत्व को बढ़ावा

उन्होंने कहा कि यह वर्ष महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाओं को नई दिशा देगा और एक समरस व विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव साबित होगा।

जांजगीर में जनादेश परब- CM का आभार
CM साय ने जांजगीर में आयोजित ऐतिहासिक जनादेश परब में उमड़े जनसमर्थन के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनसभा में उपस्थित केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का विशेष धन्यवाद किया और कहा कि, उनका प्रेरणादायक संबोधन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, विशाल जनसहभागिता लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास और सरकार की नीतियों की मजबूत स्वीकृति का प्रमाण है।

Tags:    

Similar News