ट्राइबल अल्पाइन एक्सपीडिशन 2025: जशपुर के युवाओं ने छुआ हिमालय का शिखर, सीएम साय ने किया सम्मानित

जशपुर के युवाओं ने हिमालय की दुहांगन वैली में 5350 मीटर की ऊंचाई तक आरोहण कर प्रदेश का नाम रोशन किया। मुख्यमंत्री साय ने इन पर्वतारोहियों को सम्मानित किया।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-10-28 16:08:00 IST

सीएम द्वारा सम्मानित हुए जशपुर के युवा पर्वतरोही

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के बगिया स्थित सीएम कैंप कार्यालय में ट्राइबल अल्पाइन एक्सपीडिशन हिमालय 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले पर्वतारोहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं की साहस, अनुशासन और अदम्य इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि, जशपुर के युवाओं ने यह साबित किया है- यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।

प्रदेश का नाम रोशन किया
जशपुर जिले के इन पर्वतारोहियों ने हिमाचल प्रदेश की दुहांगन वैली में आयोजित अभियान में 5350 मीटर की ऊंचाई तक सफल आरोहण किया। अभियान के दौरान दल ने ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और आइस क्लाइंबिंग जैसी कठिन और रोमांचक गतिविधियों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि से न केवल जशपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति नया उत्साह और जागरूकता पैदा हुई है।


आत्मविश्वास और नेतृत्व का प्रतीक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- 'ऐसे अभियानों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामूहिक भावना का विकास होता है।' उन्होंने दल के सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आने वाली पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बनें।

अभियान की पृष्ठभूमि
यह दल जिला प्रशासन जशपुर के सहयोग से सितंबर माह में रवाना हुआ था। हिमालय के कठिन और ठंडे वातावरण में युवाओं ने कठिन परिस्थितियों में धैर्य और टीम भावना का परिचय दिया। दल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन के सहयोग से ही उन्हें हिमालय जैसी चुनौतीपूर्ण यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर मिला।

जशपुर से हिमालय तक- एक प्रेरक यात्रा
'जनजातीय हिमालय पर्वतारोहण अभियान 2025' की शुरुआत जशपुर में एक स्थानीय प्रशिक्षण पहल के रूप में हुई थी। यह पहल आज सामूहिक सहयोग और समर्पण से राज्य स्तर की सशक्त उपलब्धि बन चुकी है। इस अभियान ने न केवल जशपुर के युवाओं में रोमांच और आत्मविश्वास की भावना जगाई है, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां दी हैं।

Tags:    

Similar News