जिलाध्यक्ष की घोषणा के बाद दंतेवाड़ा में पार्टी दोफाड़: एक धड़ा विरोध में पहुंचा पीसीसी चीफ के पास, दूसरा धड़ा कर रहा स्वागत

दंतेवाड़ा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के विरोध में कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया है। जिसके कारण अब संगठन में दो फाड़ देखने को मिल रहा है।

Updated On 2025-12-01 13:48:00 IST

 नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सलीम रजा उस्मानी 

पंकज भदौरिया- दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने सलीम रजा उस्मानी को दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष बनाया है। जिसके बाद से ही अब संगठन में दो फाड़ देखने को मिल रही है। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता इस नियुक्ति का विरोध कर रहे हैं। वहीं कई लोग उस्मानी का समर्थन करते भी नजर आए हैं। मामले में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष उस्मानी का कहना है कि, हमारी पहली प्राथमिकता अफवाहों पर ध्यान न देकर संगठन को मजबूत करना है।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि, मुस्लिम समाज से आने वाले सलीम रजा उस्मानी को अध्यक्ष पद सौंपने पर विरोध हो रहा है। अगर किसी और को बनाने तो शायद इतना विरोध नहीं होता। वहीं मामले को लेकर समर्थक और आलोचक दोनों पीसीसी चीफ दीपक बैज के निवास पहुंचे थे। मामले में कार्यकर्ताओं का एक बडा तबका कह रहा है कि, पहली बार जिलाध्यक्ष की कुर्सी के साथ न्याय हुआ है।


सही व्यक्ति को मिली कुर्सी
समर्थकों का कहना है कि, जमीनी कार्यकर्ता को संगठन की कमान सौंपी गई है। इससे पहले जो भी जिला अध्यक्ष रहे वे तो कुर्सी को खुद की जागीर समझते रहे हैं। गीदम नगर में कांग्रेस जिला संगठन की करीब 10 वर्ष तक जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर रहीं। इसके बाद कुआकोंडा ब्लॉक से जिलाध्यक्ष पद पर सालों से कब्जा रहा है। अब यह कुर्सी मुस्लिम समुदाय के आम कार्यकर्ता के पास पहुंची है तो पेट में दर्द उठ रहा है।

अब तक का बेहतर जिलाध्यक्ष मिला
कई लोग उनकी सराहना भी कर रहे हैं, लोगों का कहना है कि, इससे बेहतर जिला अध्यक्ष कांग्रेस ने कभी नहीं दिया। इसके पीछे सलीम रजा उस्मानी का सरल स्वभाव बताया जा रहा है। उस्मानी को जैसे ही जिला अध्यक्ष बनाया गया वे सीधे मां दंतेश्वरी के दरबार पहुंचे जहां पर उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

संगठन को मजबूत हमारी प्राथमिकता - उस्मानी
मीडिया से रुबरू होने के दौरान उस्मानी ने कहा- पहले तो संगठन को मजबूत करना सबसे महत्वपूर्ण है। इसके साथ हमारा दूसरा बड़ा लक्ष्य 2028 विधानसभा चुनाव को जीतना है। मुझसे जिला संगठन नाराज नहीं है ये सिर्फ अफवाह है। दीपक बैज से मिलने तो कोई भी कांग्रेसी जा सकता है। हम सब मिलकर काम करेंगे।

भाजपा ने ली चुटकी
मामले में अब भाजपा भी कांग्रेस की जमकर चुटकी ले रही है। भाजपा के नेताओं का कहना है कि, उनका उद्देश्य साफ है सबका साथ सबका विकास करना है। जो दल खुद सांप्रादायिक हो वो भाजपा पर उंगली उठाता है। एक मुस्लिम समाज से अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर इतना विरोध, इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस की करनी और कथनी में बड़ा फर्क है।

Tags:    

Similar News