मंत्री सुनेंगे कार्यकर्ताओं की समस्याएं: ठाकरे परिसर में सालभर बाद फिर खुलेगा सहयोग केंद्र

प्रदेश भाजपा सरकार के मंत्री एक बार फिर से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे।

Updated On 2025-10-05 09:42:00 IST

File Photo 

रायपुर। प्रदेश भाजपा सरकार के मंत्री एक बार फिर से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। करीब एक साल बाद फिर से यह सहयोग केंद्र सोमवार से प्रारंभ हो रहा है। पहले दिन प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद लगातार शुक्रवार तक रोज एक मंत्री कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और उनके साथ ही उनके क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे।

प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने प्रदेश सरकार और संगठन को कार्यकर्ताओं को महत्व देने की बात कही थी। इसके बाद ही प्रदेश सरकार ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बीते साल कार्यकर्ताओं और उनके क्षेत्र के आम जनों की समस्याएं सुनने के लिए सहयोग केंद्र प्रारंभकिया था। इस सहयोग केंद्र में रोज एक मंत्री बैठ रहे थे और समस्याएं सुनने के बाद ज्यादातर छोटी समस्याओं का तत्काल निराकरण भी कर रहे थे।

सालभर से बंद है सहयोग केंद्र
बीते साल सहयोग केंद्र प्रारंभ करने के बाद यह अगस्त तक चलता रहा, इसके बाद सितंबर में भाजपा के सदस्यता अभियान के बाद से ही यह बंद हो गया। पहले भाजपा का सदस्यता अभियान चला, इसके बाद भाजपा का संगठन चुनाव और फिर नगरीय निकाय के बाद पंचायत चुनाव होने के कारण यह सहयोग केंद्र प्रारंभ नहीं हो सका। अब जबकि सारे काम निपट चुके हैं तो एक बार फिर से सहयोग केंद्र को प्रारंभ किया जा रहा है। इसको प्रारंभ करने की लगातार मांग हो रही थी।

कब कौन मंत्री रहेंगे
सोमवार से सहयोग केंद्र प्रारंभ होगा। पहले दिन प्रदेश के राजस्व और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा दोपहर को दो बजे से लेकर शाम को पांच बजे तक समस्याएं सुनेंगे। इसके पहले एक से दो बजे तक पंजीयन होगा। दूसरे दिन पहली बार मंत्री बने स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव समस्याओं का निराकरण करेंगे। इसके बाद बुधवार को वन और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप गुरुवार को पहली बार मंत्री बने तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और शुक्रवार को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल कार्यकर्ताओं से मुलाकात करके उनकी समस्याएं सुनेंगे।

Tags:    

Similar News