लड़की को घर से भगा ले गया शादीशुदा युवक: कोरबा ले जाकर रेता गला, अपने भी गले पर चलाया चाकू, युवक की मौत लड़की की हालत गंभीर
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज मामला। बिलासपुर से भागकर आए युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर खुद भी गला रेत लिया।
मामले की तफ्तीश करती हुई पुलिस
उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला खूनी अंजाम तक पहुँच गया। घर से भागकर बाइक से बिलासपुर से कोरबा पहुँचे एक युवक-युवती के बीच ऐसा क्या हुआ कि, युवक ने पहले युवती के गले पर चाकू से वार किया और फिर खुद पर हमला कर लिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।
उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सन्डैल नाला के नीचे मंगलवार सुबह युवक और युवती खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि, युवक ने युवती के गले को चाकू से रेत दिया और उसे मरा हुआ समझकर अपने ही गले पर वार कर लिया। गंभीर रूप से घायल युवती ने जैसे-तसे 112 पर कॉल करने के साथ-साथ अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर लोकेशन भेजी।
युवती की हालत बेहद गंभीर
लोकेशन के आधार पर 112 की टीम मौके पर पहुँची और दोनों को जिला मेडिकल अस्पताल कोरबा लाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर किया गया है। घायल युवती की पहचान निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष), पिता शिव कुमार, निवासी कश्यप कॉलोनी, बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं मृतक युवक शुभम नायडू (28 वर्ष), निवासी बिलासपुर बताया जा रहा है, जो शादीशुदा था।
मौके पर पहुंचे दोनों के परिजन
गौरतलब है कि, युवक और युवती कल रात से लापता थे। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और जांच शुरू कर दी गई है। युवती के परिजन कोरबा पहुँचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं, वहीं मृतक युवक के परिजनों को भी पुलिस द्वारा सूचना दे दी गई है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।