राष्ट्रीय मंच पर जौहर दिखाएंगे बस्तर के जलवीर: जनजातीय कैनो स्प्रिंट राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखेगा बस्तर का दम

जगदलपुर के खिलाड़ी जनजातीय कैनो स्प्रिंट राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। जनजातीय युवाओं की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देने का उद्देश्य रखा गया है।

Updated On 2025-10-28 17:40:00 IST

जनजातीय कैनो स्प्रिंट राष्ट्रीय प्रतियोगिता भाग लेंगे बस्तर के खिलाड़ी 

अनिल सामंत- जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के कयाकिंग और कैनोइंग प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षित खिलाड़ी अब जनजातीय कैनो स्प्रिंट राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025 में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता 28 से 30 अक्टूबर तक हुसैन सागर झील, हैदराबाद (तेलंगाना) में आयोजित होगी। यह आयोजन भारतीय कयाकिंग एंड कैनोइंग संघ द्वारा, भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं तेलंगाना सरकार के जनजातीय कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

यह प्रतियोगिता भारतीय ओलंपिक संघ, अंतरराष्ट्रीय कैनो महासंघ और एशियाई कैनो महासंघ से संबद्ध है। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित आयोजन यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित है। देशभर में इसे जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनजातीय युवाओं की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देने का उद्देश्य रखा गया है।

बस्तर जिले से चयनित खिलाड़ी
सचदेव बघेल,शंकर पुजारी,बल्ली पुजारी,अनु कश्यप, शिव पुजारी,सागर कश्यप,राजीव भारती,ईशा गोयल, मालती कश्यप, सोनम पुजारी, मुस्कान भारती और मनमती बघेल इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम के साथ प्रभारी कोटेश्वर राव नायडू रहेंगे, जो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।


बस्तर की नदियाँ अब राष्ट्रीय मंच तक पहुँचने का माध्यम
अपर कलेक्टर और सहायक संचालक,खेल एवं युवा कल्याण विभाग ऋषिकेश तिवारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा बस्तर की नदियाँ अब राष्ट्रीय मंच तक पहुँचने का माध्यम बन रही हैं। यहाँ के खिलाड़ी देशभर में बस्तर का नाम रोशन कर रहे हैं। यह पूरे जिले के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जनजातीय अंचल के युवाओं को खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हुसैन सागर झील पर बिखरेगा बस्तर का जलवा बस्तर के ये जलवीर अब तेलंगाना की हुसैन सागर झील पर अपनी प्रतिभा,परिश्रम और जज़्बे का प्रदर्शन करेंगे।

बस्तर के लिए गर्व का क्षण
बस्तर से पहली बार इतने अधिक खिलाड़ी किसी राष्ट्रीय कैनोइंग प्रतियोगिता में चयनित हुए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि, अब बस्तर की नदियाँ केवल जीवन का स्रोत नहीं रहीं, बल्कि खेल प्रतिभा की नई धारा बन चुकी हैं।

जनजातीय युवाओं की खेल प्रतिभा को नई दिशा
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अधिकांश खिलाड़ी जनजातीय अंचल से आते हैं। प्रशासन और खेल विभाग द्वारा किए जा रहे सतत प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है।

खेलों में बस्तर की नई पहचान
कयाकिंग,कैनोइंग और अन्य जल क्रीड़ाओं में बस्तर के युवा अब लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे बस्तर की पहचान केवल सांस्कृतिक और पर्यटन क्षेत्र तक सीमित न रहकर खेल जगत में भी स्थापित हो रही है।

Tags:    

Similar News