सड़क सुरक्षा जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान: शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय को सीएम साय ने किया सम्मानित
जगदलपुर में प्रभावी जनसहभागिता के लिए शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय की NSS ने जनजागरूकता प्रयास चलाया था।
विश्वविद्यालय को सम्मानित करते सीएम विष्णुदेव साय
अनिल सामंत- जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में उल्लेखनीय और प्रभावी जनसहभागिता के लिए शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु विश्वविद्यालय द्वारा किए गए सतत जनजागरूकता प्रयासों का प्रतिफल है।
विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा पूरे बस्तर अंचल में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत सड़क सुरक्षा कार्यशालाएं, नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता रैलियां, विशेष शिविर, नारा लेखन, पोस्टर प्रदर्शन एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकोट पर्यटन स्थल और मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण जैसे सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों ने आमजन तक यातायात नियमों का प्रभावी संदेश पहुंचाया।
विश्वविद्यालय की वजह से मिला सम्मान
इन कार्यशालाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों व समाज को जोड़ने की पहल ने विश्वविद्यालय को एक सामाजिक दायित्व निभाने वाले शैक्षणिक केंद्र के रूप में स्थापित किया। राज्य स्तर पर मिले इस सम्मान को विश्वविद्यालय की संगठित योजना, अनुशासन और जनहितकारी सोच का परिणाम माना जा रहा है। सम्मान प्राप्ति के अवसर पर विश्वविद्यालय समुदाय और राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों ने इस उपलब्धि को बस्तर के लिए गौरवपूर्ण बताया और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और व्यापक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
जनजागरूकता से बदली लोगों की सोच
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कार्यशालाओं,नुक्कड़ नाटकों, रैलियों और विशेष शिविरों ने आमजन को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाया, पर्यटन व धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रमों ने संदेश को व्यापक पहुंच दी,वहीं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने सामाजिक जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना को सुदृढ़ किया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिनिधि राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉक्टर सजीवन कुमार।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय नेतृत्व, प्रशासनिक अधिकारियों,विभागाध्यक्षों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े पदाधिकारियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी गईं। मार्गदर्शन एवं नेतृत्व शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के कुलपति प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव, राज्य राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉक्टर नीता बाजपेई, कुलसचिव डॉक्टर राजेश लालवानी,विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शरद नेमा,प्रोफेसर स्वपन कुमार कोले, प्रोफेसर एम एस मिश्रा, डॉक्टर सुकृता तिर्की, डॉक्टर विनोद कुमार सोनी।